बलिया । इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को बेल्थरारोड तहसील के गौरा ग्राम पंचायत में भीटे पर अवैध कब्जा करने वाले चार भाइयों के मकानों को एसडीएम ने जमीदोंज करा दिया। मौके पर भीमपुरा और नगरा पुलिस के साथ तहसीलदार व लेखपालों की टीम मौजूद रही। इस कार्रवाई के बाद भूमाफियाओं में हड़कंप मचा है।

बेल्थरारोड तहसील के गौरा गांव में की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर 2010 में तहसील न्यायालय में वाद दाखिल किया गया था। तहसीलदार न्यायालय ने बेदखली का आदेश दिया था। उसके बाद गांव के ही वादी श्रीकांत शर्मा ने न्यायालय में भीटे पर बने सदलू, खरभान, धन्नजय व रमेश प्रजापति पुत्रगण बानू के मकान को गिराने की अपील की थी। हाईकोर्ट ने मामले में 7 फरवरी 2024 से पूर्व अवैध कब्जे को गिराकर रिपोर्ट तलब किया है। इसके तहत एसडीएम बेल्थरारोड एआर फारुखी, तहसीलदार पंकज शाही ने प्रतिवादी को मकान खाली कराकर स्वयं गिराने की नोटिस दिया था। प्रतिवादी ने अपने घर से सामान निकालकर खाली कर दिया था। दिए गए समय पर एसडीएम व तहसीलदार भीमपुरा व नगरा पुलिस के साथ जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे। देखा कि सदलू आदि का परिवार खेत में तिरपाल डालकर अपना सारा सामान रखा था। यह देख अधिकारियों ने उनको जेसीबी उपलब्ध कराकर कहा कि आप खुद ही अपना घर अपने हिसाब से दो दिन में गिरा लो, ताकि ईंट आदि कामयाब हो जाए। नहीं तो हमको गिरवाना पड़ेगा। कहकर पूरी फोर्स लौट गई। इसके बाद सदलू आदि ने जेसीबी से अपना मकान खुद ही गिरवाना शुरू कर दिया।

उपलब्ध कराएंगे आवास की सुविधा

गौरा ग्राम सभा में भीटे पर अवैध कब्जा कर बनाए गए मकान को गिरवाने की प्रक्रिया के बाद एसडीएम बेल्थरारोड एआर फारुखी ने परिवार को खुले आसमान के नीचे देख कहा कि आप लोगों को आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जैसे पोर्टल खुलता है आपका आवेदन कर कार्यवाही आगे बढ़ा दी जाएगी। सदलू और उसके भाई मकान खाली करने के बाद खुले आसमान के नीचे आ गए है। चारों भाई खेत में कटरैन व तिरपाल आदि से घेर कर अपना सारा सामान रखकर उसमें रहने को मजबूर हो गए हैं।