गांवों की बेहतरी के बिना विकसित भारत का सपना बेमानी: वीरेंद्र सिंह मस्त

नगर के टाउन हॉल में आयोजित हुआ प्रगतिशील ग्रापए के पूर्वांचल सम्मेलन

बलिया। वर्तमान परिवेश में ग्रामीण पत्रकारिता से जुड़े लोग आज समस्याओं से जंग लड़ रहे हैं। जबकि मीडिया घराने अपने हिसाब से कार्य करा रहे हैं। उन मीडिया घरानों के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं करके मैं ग्रामीण पत्रकारों से अपील करता हूं कि वे को-आपरेटिव पत्रकारिता पर ध्यान दें। यह बातें राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश जी ने शनिवार को नगर के टाउन हॉल में प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कही।

राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश जी ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार अपने बेहतरी के लिए सोचते जरूर है। लेकिन उनमें आपसी सामंजस्य और कोआपरेशन न होने के चलते उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान परिवेश में ग्रामीण पत्रकारों को जरुरत इसबात की है कि वे एक—दूसरे के सहयोग के लिए कोआपरेटिव सोच के साथ कार्य करें। इस मौके पर सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने भी ग्रामीण पत्रकारों की बेहतरी के लिए चर्चा किया। कहा कि गांवों की बेहतरी के बिना विकसित भारत का कामना नहीं की जा सकती है। हमारे देश के लोग भले ही शहरों के बल पर विकास की बात सोचते है। लेकिन सच्चाई यह है कि आज भी 60 फीसदी से अधिक लोग गांव में रहते हैं। ऐसे में ग्रामीण पत्रकारों की जिम्मेदारी बढ़ जाती है।

इस मौके पर सलेमपुर सांसद रविंद्र कुशवाहा ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार ही अथक प्रयास से समाज को एक नई दिशा देने का कार्य करते हैं। जिसकी बदौलत हम लोग आज सुंदर भारत का सपना देख रहे हैं। इस मौके पर अध्यक्षता कर रहे जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजीत कुमार गुप्ता ने भी ग्रामीण पत्रकारिता के गूढ रहस्यों पर विस्तार से चर्चा किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता के स्तर में भले ही गिरावट आई है। लेकिन ग्रामीण पत्रकारिता बहुत ही उच्च कोटि का कृत्य है। इस पर वर्तमान समय मे सरकारों को भी ध्यान देना चाहिए।

इस मौके पर जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के लोकपाल डा. गणेश कुमार पाठक, प्रोफेसर सानंद कुमार सिंह, पूर्व विधायक राजधारी सिंह, पूर्व विधायक भगवान पाठक, पूर्व विधायक संजय यादव, प्रदेश महासचिव शमीम खान, प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत मिश्र, प्रदेश सचिव सिंधु तिवारी, ​पूर्वांचल प्रभारी दिग्विजय सिंह, अखिलानंद तिवारी, जीतेन्द्र उपाध्याय, अजय तिवारी, विश्वाभर गुप्ता, शशिकांत ओझा, नगर अध्यक्ष तिलक कुमार, महामंत्री प्रदीप गुप्ता, इमरान खान, केके पाठक, श्रवण पांडेय, सुनील सेन दादा, मुशीर जैदी मौजूद रहे। संचालन वीरेंद्र मोहन तिवारी ने किया।