जिला अस्पताल प्रशासन की लापरवाही : दो बच्चों के सिर से बाप का साया हमेशा के लिए उठा
जिला चिकित्सालय में किसी रोग के मरीज को लेकर आए हैं तो सावधान हो जाइए. यहां कभी चिकित्सकों की लापरवाही, तो कभी चिकित्सा महकमे कर्मचारियों की मनमानी का मामला हमेशा सुर्खियों में बना रहता है। जिला चिकित्सालय का अस्पताल एक बार फिर से एक मरीज की मौत में अस्पताल प्रशासन की घोर लापरवाही को लेकर चर्चा में है। स्वास्थ्य महकमे के अधिकारी, चिकित्सक व कर्मचारियों की बेरूखी के कारण जुगेश्वर प्रसाद की मौत होना बताया जाता है । बुधवार को बर्न वार्ड के बाथरूम में जुगेश्वर प्रसाद की गिरकर मौत हुई है। स्वास्थ्य महकमे द्वारा एक के बाद एक हुई घोर लापरवाही से परिवार के ऊपर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है। दो बच्चों के सिर से बाप का साया हमेशा के लिए उठ गया है। इस दौरान मरीज के तीमारदारों ने जिला अस्पताल में जमकर हंगामा भी किया। सीएमओ और सीएमएस के खिलाफ जमकर मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।