अतिरिक्त शुल्क वापस लेने की मांग, राहत नहीं मिली तो शटर डाउन की चेतावनी
बलिया। व्यापारियों से जुड़े UPI लेनदेन पर अतिरिक्त शुल्क अथवा कर लगाए जाने के प्रस्ताव के विरोध में व्यापारी संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को संबोधित ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने प्रस्तावित वित्तीय भार को छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए चिंता का विषय बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि देश में डिजिटल भुगतान और व्यापार को बढ़ावा देने में व्यापारी वर्ग लगातार सहयोग कर रहा है। ऐसे में UPI लेनदेन पर अतिरिक्त शुल्क या कर लगाया गया तो इसका सीधा असर व्यापारियों की लागत पर पड़ेगा। विशेषकर छोटे और मध्यम वर्ग के कारोबारियों पर इसका अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की आशंका जताई गई।
व्यापारी प्रतिनिधियों ने केंद्र सरकार और वित्त मंत्री से प्रस्ताव की समीक्षा कर अतिरिक्त शुल्क संबंधी प्रावधान वापस लेने तथा व्यापारियों को राहत देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांग पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी शटर डाउन आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में सर्वदमन जायसवाल, विक्रांत सिंह, सरफराज खान मिंटू (जिला पंचायत सदस्य वार्ड 51), राधा रमन अग्रवाल, यशवंत सिंह, संदीप गुप्ता, टुनटुन शर्मा, प्रदीप रस्तोगी, सागर सिंह राहुल, सुधीर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
Comments
No comments yet.