गृहमंत्री के साथ कई दिग्गज मंत्री रहे साथ-साथ


गोरखपुर/लखनऊ: सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने शुक्रवार को गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। गोरखपुर शहर विधानसभा सीट बीजेपी के साथ सीएम योगी का गढ़ रहा है। योगी के नामांकन के समय केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी शामिल रहे।
इस मौके पर अपने संबोधन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सीएम योगी के नामांकन में गोरखपुर से सहारनपुर तक आवाज जानी चाहिए कि भाजपा इस बार 300 सीटें पार कर रही है। शाह ने कहा कि यूपी के इतिहास में बीजेपी सन 2014, 2017, 2019 में जनता ने प्रचंड बहुमत दिया था। भाजपा यहां एक फिर 300 पार के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। मुझे यहां आने पर 2013 भी याद आता है। मुझे यूपी का प्रभारी बनाया गया, तब लोग कहते थे कि यूपी में बीजेपी दो अंकों में नहीं पहुंचेगी। लेकिन विपक्ष को दो अंकों तक नहीं पहुंचने दिया। 2017 में हमें जनता ने 300 पार पहुंचाया। उसके बाद योगी को प्रदेश का सीएम बनाया गया। 2019 में मोदी जी के नेतृत्व में भी हमने 65 सीट जीतीं।

योगी ने प्रदेश को माफियाओं से मुक्त कराया: शाह
शाह ने कहा कि पूर्वांचल और पश्चिम यूपी माफियाओं के नाम से जाना जाता था। लेकिन योगी ने उनसे मुक्त कराने का काम किया। अब माफिया तीन जगह ही मिलते हैं। जेल, प्रदेश से बाहर या सपा की सूची में। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पुलिस माफियाओं से डरती थी, आज माफिया पुलिस स्टेशन में जाकर सरेंडर करता है। सीएम योगी ने प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया है। मोदी जी भी वाराणसी से सांसद बनकर गए हैं। जब तक यूपी का विकास नहीं होता है, देश का विकास असंभव है। नरेंद्र मोदी ने पीएम बनने के बाद विभिन्न योजनाओं का लाभ हर तबके तक पहुंचाया।
योगी के नामांकन के समय कड़े सुरक्षा इंतजाम
गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के सदर विधानसभा से रिटर्निंग अफसर के पास नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर एवं उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में फोर्स तैनात की गई है। कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट से लेकर नामांकन कक्ष के बाहर व भीतर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। नामांकन प्रक्रिया की वीडियो रिकार्डिंग भी कराई गई है।
नामांकन से पहले योगी आदित्यनाथ ने गृहमंत्री अमितशाह के साथ गोरखनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की। उसके बाद नामांकन के लिए निकले। इस मौके पर सीएम योगी के साथ गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह भी मौजूद हैं। यह पहला मौका है कि तीनों बड़े नेता एक साथ किसी के नामांकन में शामिल होने के लिए गोरखपुर पधारे हैं।  सीएम योगी गोरखपुर को शहर विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार बनाया गया है।