बांसडीह आदर गांव के पास पलटा टेंपो

बलिया। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के बांसडीह-मनियर मार्ग पर आदर गांव के पास टेंपो पलटने से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के गांव में कोहराम मच गया। घटना के बाद परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

शनिवार की शाम बांसडीह चौराहे से सवारी लेकर टेंपो मनियर की ओर जा रहा था। आदर गांव के पास सवारी उतारकर डुहीमुशी गांव की ओर जाने के लिए चालक टेंपो मोड़ने लगा, तभी टेंपो अंसतुलित होकर पलट गया। हादसे में बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के डुहीमुशी गांव निवासी 50 वर्षीय रमावती देवी की मौत हो गई। जबकि डुहीमुशी गांव के ही हृदयानंद साहनी (50), कोतवाली क्षेत्र के चांदपुर गांव निवासी चमेली देवी (45) व रेखा देवी (27) घायल हो गई। सूचना पर पहुंचे कोतवाल योगेन्द्र प्रसाद सिंह ने एम्बुलेंस उपलब्ध न होने पर निजी वाहन से घायलों को पीएचसी, फिर जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात चमेली देवी व हृदयानंद साहनी की भी मौत हो गई। उधर घटना की सूचना मिलते ही सभी के परिजन अस्पताल पहुंच गए। सभी का रोते-रोते बुरा हाल है। उधर डुहीमुशी और चांदपुर गांव में शोक की लहर है।