मंत्री बोले, निलंबित शिक्षक को तत्काल बहाल किया जाएगा

बलिया। जनपद में शिक्षक के निलंबन, सामाजिक और मानसिक उत्पीड़न एवं अत्याचार के खिलाफ चल रहा है धरना के पांचवे दिन परिषदीय विद्यालयों में संपूर्ण तालाबंदी के बाद सोमवार को जनप्रतिनिधियों एवं उच्चाधिकारियों की तंद्रा टूटी और वे गुरुजनों के मान- मनौव्वल में जुट गए। इस दौरान विधायक एवं सूबे के मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला, बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह तथा एडी बेसिक तक धरनास्थल पर पहुंच गए।

इस दौरान शिक्षा मंत्री ने मोबाइल के जरिए शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि निलंबित शिक्षक को तत्काल बहाल किया जाएगा। साथ ही एक सप्ताह के भीतर बीएसए शिव नारायण सिंह का तबादला बलिया से गैर जनपद में कर दिया जाएगा। तब जाकर शिक्षक माने और आंदोलन को समाप्त करने की घोषणा की। शिक्षको की जीत को लेकर हर तरफ खुशी रही।

बीएसए के उत्पीड़नात्मक एवं तानाशाही रवैया के खिलाफ उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ एवं अन्य सहयोगी संगठनों द्वारा चलाए जा रहा धरना शिक्षकों की जीत के साथ अंततः समाप्त हुआ। बेसिक शिक्षा मंत्री एवं एडी बेसिक ने आंदोलनरत शिक्षकों की सभी मांगें मान ली। इसके बाद अध्यापकों का धरना समाप्त हो गया। मंत्री आनंद स्वरूप और विधायक सुरेंद्र सिंह ने अध्यापकों को संबोधित किया। श्री शुक्ला ने बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी से फोन पर वार्ता की। इसके बाद बेसिक शिक्षा मंत्री ने अध्यापकों को मोबाइल के माध्यम से संबोधित किया और कहा कि एक सप्ताह के अंदर बीएसए का स्थानांतरण अन्यत्र कर दिया जाएगा। इसके साथ ही डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर नुरुल हुदा के कार्य पर रोक लगा दिया जाएगा।

देर शाम पहुंचे आजमगढ़ एडी बेसिक ने शिक्षक प्रतिनिधि मंडल से देर रात तक वार्ता की। जिस पर उन्होंने प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन दिया कि दो चार रोज के अंदर शिक्षकों की समस्याएं समाप्त कर दी जाएगी। साथ ही दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। एडी बेसिक अमरनाथ राय शिक्षक प्रतिनिधि मंडल से देर शाम बात कर समस्या का सामाधान करने का भरोसा दिया।धरना सभा को मुख्य रूप से प्राशिसं के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अनिल गुप्ता , बेसिक शिक्षा संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश पांडेय, कर्मचारी यूनियन के महामंत्री वेद प्रकाश पांडेय, सीनियर बेसिक शिक्षा संघ के जिलाध्यक्ष सुशील पांडेय कान्हजी, मनियर ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह , तेज प्रताप सिंह संचालन बैरिया ब्लॉक अध्यक्ष सुनील सिंह ने किया।

धरना स्थल पर मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला, बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह अंजनी पांडेय व शिक्षा मित्र संघ के जिलाध्यक्ष पंकज सिंह आदि मौजूद रहे।