पिता की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

बलिया : सुखपुरा थाना अंतर्गत हनुमानंगज (जीराबस्ती) के समीप बुलेट सवार टीडी कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष शिप्रान्त सिंह गौतम को गोली मारने के मामले में पुलिस ने तीन नामजद व 3-4 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई घायल छात्र नेता के पिता की तहरीर के आधार पर की है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल व अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। इस मामले में एसपी देव रंजन वर्मा ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है.
टीडी छात्रनेता शिप्रान्त सिंह शनिवार की देर शाम बुलेट से घर लौट रहे थे। हनुमानंगज (जीराबस्ती) के पास बाइक सवार बदमाशों ने शिप्रान्त को लक्ष्य कर गोली मार दी। छात्रनेता शिप्रान्त को दो गोली लगी है। पुलिस ने उपचार के लिए घायल शिप्रांत को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस को दिये तहरीर में सुखपुरा थाना क्षेत्र के ब्रह्माईन निवासी शिप्रांत के पिता पंकज कुमार सिंह ने बताया है कि शनिवार की शाम करीब आठ बजे के आसपास शिप्रान्त सिंह गौतम मोटरसाईकिल से घर वापस आ रहे थे।
हनुमानंगज (जीराबस्ती) में बाइक सवार बदमाशों (दो सगे भाई समेत तीन नामजद तथा 3-4 अज्ञात) ने जान से मारने की नियत से मेरे पुत्र शिप्रांत पर फायर किये। 2 गोली शिप्रांत को लगी है।