बलिया। बांसडीह-सहतवार मार्ग पर सोमवार की देर रात जितौरा गांव के पास बिहार के पटना से परीक्षा देकर घर लौट रहे बाइक सवार सगे भाईयों की बाइक सड़क किनारे खड़ी रोड रोलर से टकरा गयी। घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि दूसरे युवक को ग्रामीणों व पुलिस ने गंभीर हालत में पीएचसी बांसडीह ले गये जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सिकन्दरपुर कस्बे के न्यू मार्केट निवासी विनय मिश्रा के पुत्र 23 वर्षीय नवीन मिश्र व 21 वर्षीय अभिषेक मिश्र पटना एसटीईटी की परीक्षा देने बाइक से गये थे। देर रात 10 बजे के करीब सहतवार की ओर से बांसडीह की ओर जा रहे सगे भाइयों की बाइक सड़क किनारे रोड रोलर से टकरा गयी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गये।

घटना रात में सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को पीएचसी ले गयी जहां डाक्टरों ने नवीन मिश्र को मृत घोषित कर दिया। तथा प्रारंभिक इलाज के बाद गंभीर अवस्था में अभिषेक को जिला अस्पताल में रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में अभिषेक का इलाज चल रहा है। जबकि प्राथमिक उपचार के बाद अभिषेक को सदर अस्पताल के लिए भेज दिया. बाद में गम्भीर स्थिति को देख कर सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने अभिषेक को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।