
भाजपा जिला उपाध्यक्ष के नेतृत्व में निकलेगी “विकास उत्सव पदयात्रा”
बलिया। संघर्ष और चुनौतियों से हमेशा लड़ते रहने और आगे बढ़ने की चाह रखने वाले बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने एक बार फिर कुछ नया करने की ठान ली है। इस बार वह ऋषि मुनियों की धरती पर एक दिवसीय पदयात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे। इस उद्देश्य से “विकास उत्सव यात्रा” निकालने का संकल्प लिया गया है। यह यात्रा 15 नवंबर को पराशर मुनि की धरती हल्दी से शुरू होकर महर्षि भृगु की धरती बलिया में पहुंच कर समाप्त होगी। इसकी तैयारी में आम जनता के साथ ही भाजपा नेता और कार्यकर्ता अभी से जुटे हुए हैं। इस ऐतिहासिक पदयात्रा में पूरे जनपद के लोग शामिल होंगे।
लोनिवि के डाकबंगले में पत्रकारों से बातचीत में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2022 सामने है। इस मिशन को फतह करने एवं पुनः प्रदेश में योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाने के लिए भाजपा का जिला संगठन, महिला मोर्चा, युवा संगठन, किसान एवं संबंधित अन्य संगठन पूरी तरह संकल्पित है। कहा कि मैं भारतीय जनता पार्टी का सबसे छोटा सिपाही/कार्यकर्ता हूं। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने निर्णय लिया है कि सरकार के विभिन्न कार्यों से समाज को सही दिशा मिली है। इसे जन-जन तक पहुंचाना हम सबका दायित्व है। तभी हम मिशन -2022 के लक्ष्य को पूरा करने में सफल होंगे। कहा कि “विकास उत्सव यात्रा” में सबका साथ सबका विकास निहित है। इसमें सभी को शामिल होने की जरूरत है। अब वक्त आ गया है मोदी और योगी जी के कार्यों को जनता के बीच रखने का। जनता का भरोसा जितने के बाद ही हम मजबूत सरकार बना सकेंगे। कहा कि भाजपा के पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह जानबूझकर गलत बयान दे रहे हैं । उनका पार्टी से मोहभंग हो चुका है। उनकी सेटिंग दूसरे दल के साथ चल रही है।पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से जल्द हमारा जिला जुड़ जाएगा।
जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में हल्दी से निकलने वाली पैदल यात्रा की तैयारी लंबे समय से चल रही है। श्री सिंह ने स्पष्ट किया कि हमें विधानसभा चुनाव नहीं लड़ना है, ना ही इस यात्रा का उद्देश्य टिकट से जुड़ा है। हमरा उद्देश्य केवल पार्टी को मजबूत करना। उन्होंने जनपद के सभी बड़े और छोटे नेताओं से इस यात्रा में शामिल होने का अनुरोध किया है।