बलिया: जिले में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया। नगर के बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर पर शहर व ग्रामीण क्षेत्रों से आए शिवभक्तों का तांता भोर चार बजे से ही लगा रहा। शिवभक्तों ने अड़भंगी भोले के मंदिर में शिवलिंग पर जलाभिषेक कर अपनी मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना भोले से किया। मंदिर परिसर में शिवभक्तों के जनसैलाब को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। सभी भक्तों को क्रमबद्ध लाइन लगाकर शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन व जलाभिषेक करने दिया। मंदिर में ओम नम: शिवाय, हर हर महादेव के जयकारों की गूंज बनी रही। श्रद्धालु रुद्राभिषेक व महामृत्युंजय का जाप कराते नजर आए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिन भर शिव मंदिरों हर-हर बम-बम की गूंज सुनाई पड़ती रही। कई स्थानों पर लगे मेले का बच्चों ने खूब आनंद उठाया।

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर महिलाओं में भारी उत्साह देखने को मिला। पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं संख्या मंदिरों में अधिक रही। मंदिर के मुख्य गेट के बाहर से ही जलाभिषेक के लिए महिलाओं की लाइन लगी रही। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर गेट बड़े वाहनों के आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी। पुलिस प्रशासन की ओर से मंदिर प्रांगण में दो लाइन लगवाए गए। जिससे महिलाओं को किसी प्रकार की कोई समस्या न हो। मंदिर से लेकर एल आई सी रोड तक सैकड़ों लोग जलाभिषेक के लिए लाइन लगाकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।

महिलाओं ने मंदिर के पवित्र कुएं पर भी पुष्प व जलाभिषेक किया। पूरा दिन शहर से लेकर ग्रामीण अंचल के श्रद्धालुओं का तांता शिव मंदिरों में लगा रहा। महाशिवरात्रि पर्व पर मंदिर के पुजारी ने कहा कि इस दिन भोले शिव को जलाभिषेक करने पर मनुष्य के सभी पाप धुल जाते हैं। जलाभिषेक व रूद्राभिषेक से मनुष्य का विचार सात्विक हो जाता है। इसी तरह बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर, मिड्ढी के शिव मंदिर, निधरिया के निधेश्वर नाथ पांच मंदिर, असेगा के अवनि नाथ, कुकुरहा के तिलेश्वर नाथ, देवकाली में देवकुलेश्वर नाथ आदि शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालु भक्तों का तांता लगा रहा।

बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर में ओम नम: शिवाय, हर हर महादेव के जयकारों की गूंज बनी रही। सभी श्रद्धालुओं ने स्थानीय शिव मंदिरों पर जलाभिषेक कर भगवान भोले से मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। वहीं निधरिया शिव मंदिर पर श्रद्धालुओं की लम्बी कतार देखने को मिली। यहां पर पर्व के मद्देनजर भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया

महादेव व पार्वती के परिणय-सूत्र में बंधने के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले महाशिवरात्रि पर्व के दिन नगर के शिवालयों से शिव बारात निकाली गयी। महाशिवरात्रि पर बुधवार को बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर से शिव की बारात निकाली गयी ।

इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री व नगर विधायक दयाशंकर सिंह अपने समर्थको के साथ बाबा बालेश्वर नाथ से निकाले गए शिव बारात में शामिल हुए। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में विशेष सजावट कि गई है। शिव बारात में अड़भंगी भोले के बरातियों ने डीजे के धुन पर जमकर ठुमके लगाया। इस दौरान भूतेश्वर का रूप लिए युवाओं ने जमकर ठुमका लगाया।

वहीं दूसरी नगर में दर्जनों स्थानों पर महाशिवरात्रि पर्व सामाजिक संगठन की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया। जहां पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु भक्तों प्रसाद ग्रहण किया। इसी क्रम टैक्स बार एसोसिएशन की ओर से एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस मौके पर हजारों लोगों को पूड़ी, सब्जी, आदि खिलाया गया।