फायर ब्रांड नेता पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह ने सपा कार्यालय पर जोरदार स्वागत
बलिया। भाजपा की राजनीति छोड़ सपा में शामिल हुए फायर ब्रांड नेता पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह ने सपा कार्यालय में आयोजित स्वागत समारोह में भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इस सरकार में अब तक कोई विकास नहीं हुआ है हर क्षेत्र में हमारा जिला हाशिए पर है। भाजपा की राजनीति करने वाले नेता केवल अब तक लॉलीपॉप देकर भटकाते रहे हैं। हमारा क्रांतिकारी जनपद में न तो शिक्षा के क्षेत्र में विकास हुआ ना तो मेडिकल के क्षेत्र में। आजादी का अमृत महोत्सव मनाने में पूरी मशीनरी लगी हुई है, जबकि एनएच का हाल गांव की सड़कों से भी बुरा है। विकास हुआ या नहीं लेकिन सरकार के मंत्री उपलब्धियां गिराने में लगे हुए हैं।
भाजपा के कभी फायर ब्रांड नेता के रूप चर्चाओं में रहे श्री सिंह ने कहा कि कोई एक बड़ा काम जो 50 करोड़ से ऊपर का है। उसे सरकार के सांसद, मंत्री, विधायक आज तक नहीं बता पाए। केवल अपनी दुकान चला रहे है। लूट की होड़ मची हुई है। जिले के विकास से कोई सरोकार नहीं है। छोटे छोटे जिलों में मेडिकल कालेज बन गया। लेकिन हमारे जिले के नेता विकास कराने का पाप नहीं लेना चाहते है।
कहा कि भाजपा में 15 दुकानदार है, कौन दुकानदार नाराज हो जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि जब परिवार इनके पास रहेगा तो तभी यह परिवार की पीड़ा समझेंगे। वहीं रसड़ा विधायक उमाशंकर सिंह पर हमला बोलते हुए कहा कि बसपा विधायक पर योगी की बड़ी कृपा है। ब्लैक लिस्टेड के बावजूद भी गोरखपुर और वाराणसी में कई हजार करोड़ रूपये का ठेका देने का काम किया है। भाजपा छोड़ सपा में शामिल हुए पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह सोमवार को लखनऊ से सीधे मऊ-बलिया सीमा के नदौली गांव पहुंचे। वहां से रसड़ा विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण करने के बाद बलिया नगर विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण करते हुए वह सीधे सपा कार्यालय पहुंचे। जहां पर सपा के जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव ने उनका पार्टी में जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रामइकबाल सिंह के सपा में आने से बलिया में पार्टी मजबूत होगी। उधर सपा के गीतकारों ने रामइकबाल के सम्मान में एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत किया। वहीं दूसरी तरफ पूर्व मंत्री मो. जियाउद्दीन रिजवी, पूर्व चेयरमैन संजय उपाध्याय, लक्ष्मण गुप्ता, चंद्रशेखर सिंह, राजन कन्नौजिया, सुशील पांडेय कान्ह जी, विनोद तिवारी, कौशल सिंह, वंशीधर यादव, मदन राय, यशपाल सिंह, विश्राम यादव, रोहित चौबे, धनंजय सिंह बिसेन आदि लोगों ने भी पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह का स्वागत किया।
Comments
No comments yet.