भारत के पोर्ट, शिपिंग,वॉटरवेज एवं आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल की अध्यक्षता में आज कोलकाता में इनलैंड वॉटर डेवलपमेंट काउंसिल(आई डब्ल्यू डी सी) की पहली बैठक संपन्न हुई। जिसमे काशीनगरी एवं अयोध्या के लिए दो इलेक्ट्रिक संचालित क्रूज व्हीकल कटमरैन को रवाना किया। अयोध्या को रवाना की गई कटमरैन 22 जनवरी से पहले पहुंच जाएगी।

यह जानकारी उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि इस कटमरैन में 75 से 100 लोगों के बैठने की क्षमता है। एक कटमरैन की कीमत लगभग 16 करोड रुपए है।

सूबे के परिवहन मंत्री सिंह ने बताया कि केंद्र और राज्य में मिलाकर कल 111 इनलैंड वॉटर वेज है, जिसमें से 11 यूपी में हैं। उन्होंने बताया कि इनलैण्ड वॉटरवेज का एक अच्छा खासा स्कोप उत्तर प्रदेश में है। इनलैंड वॉटरवेज के विकास से एक तरफ जहां प्रदूषण की समस्या से लोगों को निजात मिलेगा,वहीं राजस्व की भी प्राप्ति होगी। इससे सड़कों पर बढ़ रहे यातायात के दबाव को भी कम करने में मदद मिलेगी। इससे नदियों के किनारे रहने वाले किसानों को फायदा होगा। उनके उत्पाद कम लागत एवं कम समय में बाजार तक एक शहर से दूसरे शहर पहुंचाये जा सकते हैं। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री शिपिंग,वॉटरवेज व टूरिज्म श्री श्रीपद नाईक, केंद्रीय राज्य मंत्री शिपिंग एवं वॉटरवेज शांतनु ठाकुर भी मौजूद रहे।