12 विधाओं में हुई प्रतियोगिता, मंडल स्तर के लिए चुने गए विजेता

बलिया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बलिया के सभागार में जनपद स्तरीय कला उत्सव का आयोजन हुआ। जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने 12 विधाओं में प्रतिभाग कर अपनी कला और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

शास्त्रीय नृत्य में गुलाब देवी बालिका इंटर कॉलेज की इशिता वर्मा प्रथम, गांधी इंटर कॉलेज सिकंदरपुर की जीनत द्वितीय और महर्षि वाल्मीकि विद्या मंदिर की अनुराधा तृतीय रहीं। लोकगीत में गांधी इंटर कॉलेज सिकंदरपुर की टीम ने बाजी मारी। सुषिर वाद्य में नागाजी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माल्देपुर के देवमणि उपाध्याय तथा अवनद्ध वाद्य में टाउन इंटर कॉलेज के सूरज पासवान प्रथम रहे।

लोकनृत्य में गुलाब देवी बालिका इंटर कॉलेज की टीम, नाटक में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की लकी पांडेय, भाग्यलक्ष्मी व गुड़िया गोंड ने प्रथम स्थान हासिल किया। चित्रकला में राजकीय इंटर
1000534027


कॉलेज के ज्ञान प्रकाश शर्मा, मूर्ति कला में सूर्यकांत ठाकुर तथा स्थानीय खेल-खिलौने में टाउन इंटर कॉलेज के रवि कुमार व आशीष प्रजापति की टीम प्रथम रही। कहानी वाचन में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रसड़ा की सोनी व सुप्रिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा ने कहा कि बच्चों में विभिन्न प्रकार की प्रतिभाएं हैं और शासन उनकी रुचि के अनुरूप उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि कला उत्सव जनपद से लेकर मंडल, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक आयोजित होता है। जनपद स्तर के प्रथम विजेता अब मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।

इस अवसर पर डीसी (मा.) अतुल तिवारी, प्रभारी प्रधानाचार्या सजिदा बानो सहित निर्णायक मंडल के सदस्य, शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।