बलियाः नदियों में बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन अभी से अलर्ट मोड पर आ गया है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह के निर्देश पर गुरूवार को गंगा नदी के उजियार घाट पर बाढ़ के दौरान किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने के मॉक ड्रिल (मूक अभ्यास) किया। इसमें बाढ से दौरान किसी के डूबने पर बचाव कार्य तथा पानी से घिरे गांवों से लोगों को निकालने का अभ्यास किया गया। इसके अलावा वहां आयोजित गोष्ठी में बाढ़ प्रभावित इलाकों में दवा वितरण या कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करने से लेकर लोगों के स्वास्थ्य व पशुओं का भी ख्याल रखने के तरीकों के बारे में बताया गया।
जिला आपदा विशेषज्ञ पीयूष कुमार सिंह ने बाढ़ के दौरान क्या करें और क्या न करें, इसके बारे में लोगों को विस्तार से बताया। मॉक ड्रिल में सुबह 9 बजे इमरजेंसी आपरेशन सेंटर (ईओसी) को उजियार में गंगा नदी में जलस्तर बढ़ने व गांव के मैरूण्ड (चारों तरफ से पानी से घिरा होना) की सूचना मिलती है। इस पर तत्काल वायरलेस से कन्ट्रोल रूम को सूचित किया गया।
रेड क्रॉस सोसायटी बलिया एवं नरही के अधीक्षक डॉ पंकज द्वारा प्राथमिक उपचार व सर्पदंश के बारे में भी अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान एनडीआरएफ टीम के निरीक्षक राम यज्ञ शुक्ला के निर्देश में उपस्थित लोगों को सीपीआर प्रशिक्षण के साथ मॉक ड्रिल में डूबते व्यक्ति को कैसे बचाया जाए, इसका भी अभ्यास कर लोगों को दिखाया गया। इस अभ्यास में आपदा मित्र धर्मेंद्र कुमार ने नदी के बीच लगभग आधे घंटे तक सोये रहने का करतब दिखाया, जिसकी सराहना वहाँ मौजूद हर किसी ने की।
मॉक ड्रिल में बाढ़ में डूबे लोगों को सुरक्षित निकाल कर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया गया।
कार्यक्रम के अंत में गोष्ठी की गई जिसमें सभी सहयोगी विभागों की बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा भी की गई, जिसमें सभी विभागाध्यक्षों ने अपनी तैयारियों से अवगत कराया तथा अपने अपने विचार रखे ।
स्वास्थ्य विभाग से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संजीव वर्मन , पशुपालन विभाग से डॉ एस के मिश्र ने, रेड क्रॉस सोसायटी बलिया से शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय ने अपने विचार रखे, नेहरू युवा केन्द्र से कपिल देव , सिटी मजिस्ट्रेट आशा राम वर्मा ने भी अपने विचार साझा किए।
11वीं बटालियन एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट नवीन शर्मा ने कहा कि जन जागरूकता आपदा से बचाव का सशक्त माध्यम है।
इस दौरान नायब तहसीलदार सदर, खंड विकास अधिकारी सोहाव, बाढ़ विभाग, लोक निर्माण विभाग रेड क्रॉस सोसायटी से नितेश पाठक , अरविंद पांडेय, दीपक ठाकुर, फैजल खान, संगम ,विकास ओझा, राहुल , अग्नि शमन से संजय यादव , स्काउट गाइड से निर्भय नारायण सिंह , सौरभ पांडेय,अजय पाण्डेय के अलावा भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।
संचालन 11वीं बटालियन एनडीआरएफ के निरीक्षक राम यज्ञ शुक्ला ने किया।
Comments
No comments yet.
Comments are closed for this post.