भीषण गर्मी के मौसम में बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे लोग, बलियावासी बेहाल
प्रदीप मयंक
बलिया में भीषण गर्मी और पानी की कमी से लोग बाग खासे परेशान हैं. आलम ये हसि कि बलिया नगर पालिका क्षेत्र में लगभग 40 आर ओ प्लांट लगे हैं जो इस समय बंद हैं, जबकि नगर पालिका प्रशासन अनदेखी कर रहा है. अधिकारी AC में आराम कर रहे हैं, जनता आक्रोशित है. ऐसे में इस समस्या से समाधान की उम्मीद कम ही है।

बलिया: तुम्हारी फाइलों में गांव का मौसम भी अब गुलाबी है साहब, मगर ये तेरे आंकड़े झूठे हैं, ये दावा किताबी है… जी हां ठीक यहीं हाल बलिया नगर पालिका बलिया का है. बेजुबान तो बेजुबान, इंसान भी इस साल की भीषण गर्मी और लू की तपिश से बैचेन है. बलिया शहर में चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल है. इस दौरान दो बूंद पानी के लिए लोग शहर में इधर-उधर भटकने को विवश हैं. नगर पालिका व जिला प्रशासन की अनदेखी अब लोगों के लिए एक गंभीर समस्या बन चुकी है. जनपद में लगे तीन दर्जन से अधिक आरओ (RO) प्लांट बंद पड़े हुए हैं, जो लोगों की मुसीबत को और बढ़ा रहे हैं.

नगर के कदम चौराहा के अशोक कुमार गुप्ता, कौशल कुमार, शिवदयाल, मनोज कुमार जैसे तमाम स्थानीय लोगों व ई-रिक्शा चालकों ने कहा कि हर दो-दो मिनट में प्यास से हलक सूख जा रहे हैं, जिसके चलते तेज प्यास लग रही है. लेकिन प्रशासन की ओर से प्यास बुझाने के लिए अब तक कोई मुक़म्मल व्यवस्था नहीं की गई है. शहर के आर ओ प्लांट बंद होने के कारण मजबूरन महंगे दामों पर पानी की बोतल खरीदना पड़ रहा है. इससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोग अतिरिक्त आर्थिक बोझ की मार झेल रहे है.
Comments
No comments yet.
Comments are closed for this post.