बलिया। जनपद न्यायाधीश के मोबाइल पर उनके लड़के को इनकाउंटर करने की धमकी देने के विरोध में शुक्रवार को दी सिविल एवं क्रिमिनल बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार किया। चेताया की पुलिस महकमे के अफसरों द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं गयी तो हम उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे. न्यायिक महकमे के आला अफसर को इस तरह की धमकी हर तरफ चर्चा में रही.

सिविल बार एवं क्रिमिनल बार एसोसिएशन की संयुक्त रूप से दीवानी न्यायालय के प्रांगण में स्थित क्रिमिनल बार एसोसिएशन के सभागार में आम सभा की बैठक हुई. अधिवक्ताओं ने धमकी दिए जाने की घोर निन्दा करते हुए धमकी देने वाले को शीघ्र गिरफ्तार करने  की मांग पुलिस अधीक्षक से की। इस मौके पर क्रिमिनल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र नाथ मिश्र, महासचिव अनिल मिश्र, पूर्व महासचिव ओंकार सिंह, सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र तिवारी, धीरेन्द्र नाथ तिवारी आदि थे।मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, सिविल कोर्ट, बलिया अशोक कुमार उपाध्याय ने जनपद न्यायाधीश के आदेश पर 11 दिसम्बर को कोतवाली में प्राथमिकी  दर्ज  कराई है।

जिसमें कहा गया है कि 10.12.2023 समय 8:52 पी0एम0 पर  जनपद न्यायाधीश, बलिया अशोक कुमार के मोबाइल पर व्हाट्स एप काल किया गया, जिसमें काल किये जाने वाला व्यक्ति पुलिस की ड्रेस में था तथा इस काल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को सदर थाना कोतवाली से होना बताया और कहा कि मैं तुम्हारे लड़के का एनकाउन्टर कर दूँगा। पूछने पर भी कालर ने अपना पूरा पता नहीं बताया। अपना अधिकारिक स्तर का पद बताने पर भी यह काल करने वाला धमकी देता रहा, जिससे प्रतीत होता है कि उसे पता था कि वह कहां काल कर रहा है। इसकी तत्काल सूचना अधिकारिक स्तर पर जनपद न्यायाधीश, अशोक कुमार बलिया द्वारा पुलिस अधीक्षक को फोन पर भी दी गयी है। पुलिस अफसरों के निर्देश पर महकमे के पुलिस अधिकारी मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटे हुए हैं. तकनीकी तरीके से भी जाँच की जा रही हैं.