बलिया : प्रशासन के मनाही के बावजूद विवादित जमीन में लगे पेड़ से कटहल तोड़ने को लेकर दो पक्षों में पहले कहासुनी हुई, इसके बाद दोनों पक्ष में जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान जमकर चले ईंट पत्थर में दोनों पक्षों से करीब 10 लोग घायल है। एक पक्ष, दूसरे पक्ष पर तमंचा से गोली चलाने का आरोप लगाया है। घटना बैरिया थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव की है।
ओम प्रकाश सिंह तथा अनुग्रह सिंह के बीच विवादित जमीन में कटहल का पेड़ है। इस विवाद को हल कराने के लिए कई बार लेखपाल कानूनगो, प्रभारी निरीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी बैरिया मौके पर जा चुके हैं। बावजूद इसके मामले का हल नहीं निकल सका, तब उस विवादास्पद जमीन पर दोनों पक्षों को जाने से रोक लगा दिया गया।
बताया जाता है कि मंगलवार को ओमप्रकाश सिंह के पक्ष का कोई कटहल तोड़ने गया, जिसे अमन सिंह ने रोका। इसको लेकर कहासुनी के बाद गाली गलौज और मारपीट हुई। इस दौरान दोनों पक्ष में जमकर ईंट पत्थर चलें। जिसमें एक पक्ष के अमन सिंह (25), प्रियंका सिंह (31), शत्रुघ्न सिंह (57), अनुग्रह सिंह (47) तथा दूसरे पक्ष के रंजू सिंह (55), ओम प्रकाश सिंह (47), राणा प्रताप सिंह के साथ अवधेश सिंह (45), चंद्रदेव सिंह (55) घायल हो गये।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से मामला शांत कराने के बाद दोनों पक्ष के घायलों को चिकित्सकीय परीक्षण व इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया। अमन सिंह ने आरोप लगाया है कि दूसरे पक्ष द्वारा तमंचा से गोली चलाई गई है, जिसका छर्रा मेरे पैर पर लगा है। दोनों पक्ष के एक-एक घायल को चिकित्सकों ने एक्सरे के लिए सदर अस्पताल बलिया भेजा है। प्रभारी निरीक्षक बैरिया धर्मवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांचोंपरांत उचित कार्यवाही की जाएगी।
Comments
No comments yet.