एसबीआई सिटी शाखा में बैंककर्मी बनकर पहुंचा युवक, YONO से ₹40 हजार ट्रांसफर की कोशिश भी की
बलिया। स्टेशन-मालगोदाम रोड स्थित एसबीआई सिटी शाखा में मंगलवार सुबह बैंककर्मी बनकर पहुंचे एक युवक ने खाताधारक को अपने झांसे में लिया और उसका मोबाइल लेकर फरार हो गया। इसके बाद आरोपी ने YONO ऐप के जरिए ₹40 हजार ट्रांसफर करने की कोशिश की, लेकिन लेनदेन फेल हो गया। बाद में स्टेशन स्थित एटीएम से ₹20 हजार निकाल लिए।
सुखपुरा थाना क्षेत्र के बरवा निवासी दीनानाथ वर्मा के अनुसार वह बैंक में KYC कराने पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक ने खुद को बैंककर्मी बताते हुए KYC और YONO ऐप बनवाने में मदद की। पासबुक बनवाने और फोटो खींचने के बहाने आरोपी उनका मोबाइल लेकर फरार हो गया।
मोबाइल हाथ लगते ही आरोपी ने खाते से ₹40 हजार ट्रांसफर करने का प्रयास किया। ट्रांजैक्शन फेल होने से रकम वापस खाते में आ गई, लेकिन इसके बाद उसने स्टेशन स्थित एटीएम से ₹20 हजार निकाल लिए।
घटना का पता चलते ही पीड़ित ने बैंक प्रबंधन को सूचना देकर खाता बंद कराया और ओकडेनगंज चौकी में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस अब बैंक और एटीएम के आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान में जुटी है।
सवाल यह है कि बैंक के अंदर मौजूद युवक ने खुद को कर्मचारी बताकर खाताधारक का मोबाइल कैसे हासिल कर लिया?
Comments
No comments yet.