बलिया। शहर के मिढ़ी मोहल्ले से करीब एक साल से लापता 35 वर्षीय सपना सिंह के बैंक खाते से 6.68 लाख रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है। बेटी के लापता होने और उसके खाते से बड़ी रकम निकाले जाने के बाद मां उषा सिंह ने सीजेएम न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बेटी की हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने मोहम्मद राजा समेत पांच नामजद और अन्य अज्ञात लोगों पर साजिश में शामिल होने का संदेह जताते हुए एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच कराने की मांग की है।
गड़वार थाना क्षेत्र के साहूपुर निवासी उषा सिंह के अनुसार उनकी बेटी सपना सिंह की शादी सुखपुरा थाना क्षेत्र के आसन निवासी संतोष सिंह से हुई थी। संतान नहीं होने के कारण सपना शहर के मिढ़ी मोहल्ले में किराये के कमरे में रहती थी। आरोप है कि उसका पति का परिचित मोहम्मद राजा अक्सर उसके कमरे पर आता-जाता था और सपना के बारे में जानकारी रखता था।
मां के मुताबिक 16 अगस्त 2025 को सपना दवा लेने के लिए घर से निकली थी। शाम को उसने अपने पति को फोन कर कमरे पर पहुंचने की जानकारी दी थी। इसके बाद अगले दिन फोन बंद मिलने पर संतोष सिंह मिढ़ी मोहल्ले स्थित कमरे पर पहुंचे, लेकिन सपना वहां नहीं मिली। परिजनों और परिचितों ने काफी तलाश की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 27 अगस्त को कोतवाली में सपना की गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
उषा सिंह का आरोप है कि सपना के लापता होने के कुछ दिनों बाद उसके बैंक खाते से अलग-अलग तारीखों में रकम निकाली गई। 19 अगस्त के बाद खाते से कुल 6.68 लाख रुपये निकाले जाने की बात सामने आई है। बेटी के लापता होने के साथ ही खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने को लेकर मां ने गंभीर सवाल उठाए हैं।
प्रार्थना पत्र में उषा सिंह ने मोहम्मद राजा, शिवजी सिंह, सोनू सिंह, मोनू सिंह और पिंटू सिंह समेत अज्ञात लोगों पर बेटी की हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर बेटी का पता लगाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाल प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सपना की गुमशुदगी की प्राथमिकी पहले से दर्ज है। न्यायालय के आदेश पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस बैंक खाते से निकाली गई रकम समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
Comments
No comments yet.