एक सप्ताह पहले पुलिस से पीड़िता ने की थी शिकायत, लीपापोती में जुटी पुलिस


बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के साथ गांव के ही एक युवक द्वारा हथियार के बल पर लगातार दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। कहानी यही पर नहीं रुकी किशोरी के गर्भवती हो जाने पर  दबंगई दिखाते हुए युवक ने एबॉर्शन भी करा दिया। वावजूद इसके आधी रात को भी महिलाओं को सुरक्षित रहने का दावा करने वाले प्रदेश में  पीड़ित किशोरी को मुकदमा दर्ज कराने के लिए एक सप्ताह से थाने का चक्कर काटना पड़ रहा है। पीड़ित ने घटना की तहरीर 25 नवम्बर को ही पुलिस को दे दी है। धीरे धीरे वो मामला अब पुलिस के ठंडे बस्ते में चला गया है ।
किशोरी ने पुलिस को दिए तहरीर में कहा है कि गांव का एक युवक उसके साथ लगातार बलात्कार करता रहा है। जब उसका बच्चा मेरे पेट में पलने लगा तो मै उसका विरोध करने लगी। जिस पर वह हथियार के बल पर मुझे धमकाता रहता था। जब मेरे पिता इसका विरोध किए तो उन्हें भी हथियार दिखा कर धमकाया, जिससे उनकी हार्ट अटैक से मौत हो गई। पीड़िता ने लिखा है कि पिता के मृत्यु के बाद भी दबंग नहीं माना और मेरी मां को धमका कर मेरा एबॉर्शन करा दिया। तहरीर में लिखा है कि दबंग व्यक्ति की दबंगई के वजह से मेरे परिजन काफी दहशतजदा है। पीड़िता ने पुलिस से उक्त दबंग व्यक्ति के खिलाफ कार्यवाही की गुहार लगाई है। लेकिन स्थानीय पुलिस उस मामले में लीपापोती करने में जुटी हुई है। 

इस सम्बन्ध में क्षेत्राधिकारी रसड़ा शिव नारायण वैस ने बताया कि अभी तक मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। इसकी जानकारी की जाएगी। अगर मामला सही पाया गया तो मुकदमा दर्ज कराकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।