होटल सोलम इन में शनिवार की रात पीजीआई थानाक्षेत्र निवासी संतोष सिंह गौतम उन्नाव के हसनगंज थाना क्षेत्र निवासी अपनी प्रेमिका मंजू सिंह पत्नी सरोज सिंह के साथ गए थे।

लखनऊ : कृष्णानगर थाना क्षेत्र के होटल सोलम इन में विवाहित प्रेमिका मंजू सिंह ने ही अपने प्रेमी संतोष गौतम की हत्या की थी। इस प्रकरण का खुलासा करते हुए रविवार को कृष्णानगर पुलिस ने आरोपी महिला को जेल भेज दिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी कृष्णा सिंह गौतम की तहरीर के आधार पर मामले की जाँच पड़ताल शुरू की थी। पुलिस जाँच में सामने आया कि आरोपिता ने मृतक के साथ मिलकर पहले शराब का सेवन किया इसके बाद दोनों में कहासुनी हुई और अधिक नशे में होने के चलते मंजू ने संतोष का गला घोट दिया। जिससे संतोष की मौके पर ही मौत हो गई। मंजू सुबह होटल कर्मियों को चकमा देकर वहां से निकल गई।

यह थी पूरी घटना

जानकारी के अनुसार कृष्णा नगर थानाक्षेत्र के होटल सोलम इन में शनिवार की रात पीजीआई थानाक्षेत्र निवासी संतोष सिंह गौतम उन्नाव के हसनगंज थाना क्षेत्र निवासी अपनी प्रेमिका मंजू सिंह पत्नी सरोज सिंह के साथ गए थे। शाम के करीब 7 बजे दोनों होटल से बाहर गए थे और 9 बजे दोनों वापस आए थे। इसके बाद सुबह मंजू होटल के कमरे से अकेले चली गई थी। होटल कर्मियों ने जब मंजू से चेक इन करने की बात कही तो वह बहाना बनाकर दोबारा आने की बात कहते हुए निकल गई। इसके बाद जब 12 बज गए और कमरे से संतोष बाहर नहीं निकले तो होटल कर्मियों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जब पुलिस अंदर पहुंची तो उन्हें संतोष का शव बरामद हुआ। उसके गले पर कसे जाने के निशान थे। इसके बाद पुलिस ने घटना के बारे में परिजनों को सूचना दी।

पत्नी ने लगाए थे हत्या के आरोप

सूचना के बाद मौके पर पहुंची मृतक की पत्नी कृष्णा ने प्रेमिका पर गला घोट कर हत्या करने के आरोप लगाए थे। साथ ही उसने यह भी कहा था आरोपित महिला कई वर्षों से पति को ब्लैकमेल कर उससे पैसे ऐंठ रही है। इसी के आधार पर पीड़िता ने कृष्णा नगर पुलिस को लिखित तहरीर दी थी. तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित महिला मंजू, उसके पति सरोज के साथ ही कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी। रविवार को पुलिस ने मंजू को गंगाखेड़ा अण्डरपास के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.