बलिया। जातिवादी और सांप्रदायिक ताकतों को शिकस्त दिए बिना पूर्वांचल विकास नहीं कर सकता। यूपी के पूर्वी छोर में जातिवादी और संप्रदायिक ताकतों ने यहां पर पांव जमा कर इस इलाके को मुसीबत में डाल दिया है। यूपी के सियासतदारों ने बागी तेवर वाले बलिया को हमेशा लूटने और धोखा देने का काम किया है। यह बातें आम आदमीं पार्टी के उप्र सह प्रभारी अनूप पांडेय ने मीडिया के साथ विशेष बातचीत के दौरान कही। आप के प्रदेश सह प्रभारी अनूप पांडेय ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में राजनीति माफियाओं के हाथ में चली गई है और यहां सियासत करने वाली पार्टियां इन्हीं माफियाओं से गठजोड़ कर यहां की जनता का शोषण कर रही है। आजादी के 75 साल बाद आज तक सियासत करने वाले नेताओं ने बलिया को सिर्फ धोखा देने और ठगने का काम किया।

आजादी के इतने लंबे समय के बाद भी यहां पर लोगों को चलने के लिए अच्छी सड़कें और पढ़ने के लिए उच्च शिक्षण संस्थान नहीं मिल सका। आलम यह है कि इलाज के लिए जिले में अस्पताल तो है लेकिन अच्छे चिकित्सक नहीं हैं। जिले में सुविधाओं से लैस उपचार नहीं होने की दशा में यहां के लोग इलाज कराने के लिए दूर-दराज महानगरों में शरण लेने के लिए मजबूर है। यहां के नौजवान उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने को विवश है, योगी जी के प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने और मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने से लोगों में जो आशा जगी थी। वह इन दोनों के मनहूसियत व निराशा के चलते मूर्त रूप नहीं ले सकी। बलिया को मिलने वाला उच्च चिकित्सा शिक्षा संस्थान पड़ोसी जिला का सीएम बनने के बाद गोरखपुर में चला गया। जो इस बागी जिले का दुर्भाग्य है। बलिया को मिलने वाला मेडिकल कॉलेज अन्य जनपदों में चला गया।

बलिया में जननायक चंद्रशेखर के नाम पर बना यूनिवर्सिटी स्थापित तो किया गया। लेकिन विकास का डंका पीटने वाली सरकार के मुखिया ने मात्र 15 करोड़ रुपया ही दिया। विवि के पास न तो बिल्डिंग है ना पैसा है ना तो कोई छात्रावास की व्यवस्था है। पूरे प्रदेश में यही ऐसा विवि है, जो सालों साल पानी में डूबा रहता है। यह बागी बलिया के भाग्य के साथ खिलवाड़ नहीं तो और क्या है। बलिया के साथ सौतेला व्यवहार यहां के जनप्रतिनिधि तो करते ही हैं बाहर के भी जनप्रतिनिधि करने पर अमादा है। बलिया के लोग अपने बगावत के परंपरा को भूले नहीं है एक बार फिर उफान भरेंगे और इन सरकारों को उखाड़ सकेंगे। जो बलिया के खिलाफ साजिश थी, उसे हर हाल में नेस्तनाबूत करेंगे।