Breaking News : एनएच-31 से सटे सागरपाली-बैरिया-थम्हनपुरा मार्ग पर सोमवार की शाम उस समय हड़कम्प मच गया, जब एक डीसीएम बेकाबू हो गया। तीन अलग-अलग जगहों पर लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक सहित दो की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने पीछा कर डीसीएम को करंजा बाबा तर के पास पकड़ लिया। बाद में पुलिस ने डीसीएम को अपने कब्जे में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो, डीसीएम सागरपाली से निकलकर थम्हनपुरा मार्ग की ओर बढ़ रहा था। सबसे पहले वाहन ने भिखारीपुर गांव में बिट्टू चावर (24), मनु गोंड (19) और सर्वदेव गुप्ता (65) को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद चालक और अधिक बेकाबू हो गया और वाहन को तेज गति से भगा ले गया।थोड़ी ही देर में कोट अंजोरपुर गांव के पास डीसीएम ने फिर गुलशन (13), निशांत स्वरूप (25) और मनु कुमार (19) को तीन रौंद दिया। यह हादसा इतना भीषण था कि मनु कुमार को गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
,

वहीं, एनएच-31 पर बैरिया की ओर भागते समय डीसीएम ने शाहपुर बभनौली निवासी अखिलेश यादव (25), हृदय नारायण यादव (35) और करंजा बाबा तर की रहने वाली रामदुलारी देवी (30) को भी अपनी चपेट में ले लिया। इन सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी नरहीं ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।जहां ट्रामा सेंटर में पहले मन्नू कुमार ने दम तोड़ दिया। इसके बाद गुलशन ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बैरिया-थम्हनपुरा मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण सीएचसी नरहीं में जमा हो गए और चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर डीसीएम को कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।