प्रदेश नेतृत्व ने दी जिम्मेदारी, संगठन के वित्तीय कार्यों को मिलेगा नया स्वरूप

बलिया। शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के हितों के लिए कार्य करने वाली संस्था टीचर्स सेल्फ केयर टीम (टीएससीटी) के गठन के छह वर्ष बाद प्रदेश के प्रत्येक जनपद में जिला कोषाध्यक्ष के पद का सृजन किया गया है। इस पद पर जिले में पहली जिम्मेदारी लालजी यादव को मिली है। प्रदेश अध्यक्ष विवेकानंद ने गुरुवार की देर रात उनके मनोनयन की घोषणा की। लालजी इससे पूर्व संगठन में जिला सहसंयोजक के दायित्व का निर्वहन कर रहे थे।

टीचर्स सेल्फ केयर टीम का गठन 26 जुलाई 2020 को शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के हितों की रक्षा तथा आवश्यकता के समय उनके परिवारों को सहयोग और आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। गठन से अब तक जनपद के कोष से संबंधित कार्यों की जिम्मेदारी जिला संयोजक/अध्यक्ष द्वारा ही संभाली जा रही थी।

संगठन की गतिविधियों के लगातार विस्तार और बढ़ते कार्यभार को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने सभी जनपदों में जिला कोषाध्यक्ष का पद सृजित कर वित्तीय कार्यों को अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संचालित करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में लालजी को प्रथम जिला कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
उनके मनोनयन से संगठन के वित्तीय कार्यों के संचालन में सुगमता आने के साथ ही जिम्मेदारियों का बेहतर विभाजन होने की उम्मीद है। संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि वे अपनी कार्यशैली, सक्रियता और अनुभव के आधार पर इस महत्वपूर्ण दायित्व का पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ निर्वहन करेंगे।
उनके मनोनयन पर जिला संयोजक सतीश सिंह, प्रवक्ता चंद्रशेखर पासवान, मीडिया प्रभारी सतीश मेहता, आईटी सेल प्रभारी सन्नी सिंह, मंडलीय पासवर्ड रीसेट प्रभारी संजय कन्नौजिया, सह संयोजक विजय राय, राजेश जायसवाल, अब्दुल अंसारी, अंजनी मिश्र, दिनेश वर्मा, सीताराम पांडे, राजेश राव, सुनील कुमार, कंचन सिंह व संजीव मौर्य आदि ने बधाई दी।