लखनऊ। कोरोना वायरस के संक्रमण की रफ्तार धीमी होने के बाद अब उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी स्कूलों को फिर से खोलने का बड़ा फैसला लिया है। कोरोना केस को देखते हुए गोरखपुर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करने के दौरान सीएम योगी ने स्कूल खोलने को लेकर संकेत भी दिए हैं। उन्होंने कहा था कि यूपी में कोरोना केस लगातार कम हो रहे हैं, अब स्कूल-कॉलेज बंद रखने की जरूरत नहीं है।
इसका आदेश शानिवार की रात जारी हो गया। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि 14 फरवरी यानी सोमवार से स्कूल-कॉलेज खोले जाएंगे। सोमवार से राज्य में नर्सरी से लेकर कक्षा आठ तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल खुल जाएंगे। अब विद्यार्थियों को भौतिक रूप से कक्षाओं में पढ़ने आना होगा। इससे पहले कोरोना की तीसरी लहर के कारण प्रदेश सरकार ने सभी शिक्षण संस्थानों को छह फरवरी तक बंद करने का निर्देश जारी किया था। इस अवधि में स्कूल-कॉलेजों को सिर्फ ऑनलाइन कक्षाएं चलाने की अनुमति दी गई थी। शासन ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सभी शैक्षणिक संस्थानों को पहले चार जनवरी से 16 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया था। बाद में इसे 23 जनवरी, फिर 30 जनवरी और छह फरवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया। बता दें कि पिछले सप्ताह कक्षा नौ से लेकर इंटरमीडिएट तक के माध्यमिक स्कूल, विश्वविद्यालय और डिग्री कालेजों को खोलने का फैसला लिया गया था।

अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश कुमार अवस्थी की ओर से सोमवार से सभी स्कूलों को खोलने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया है कि कोविड प्रोटोकाल के साथ सोमवार से सभी स्कूल खोले जाएंगे। अभी तक आनलाइन कक्षाएं चल रही थी, लेकिन अब कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए भौतिक रूप से कक्षाएं शुरू की जाएंगी। अब आनलाइन कक्षाएं नहीं चलेंगी। स्कूल-कॉलेज केंद्र सरकार की गाइड लाइन के तहत खोले जाएंगे। परिसर को साफ रखने, सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क पहनने की शर्त अनिवार्य होगी। कोरोना संक्रमण में लगातार आ रही कमी को देखते हुए यह फैसला किया गया है। इन स्कूलों को कोविड प्रोटोकाल का सख्ती के साथ पालन करना होगा।
Comments
No comments yet.