चोरी की वारदातों से कस्बा के व्यापारियों में हड़कंप
बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र के बीवी टोला नई सब्जी मंडी में सब्जी के थोक व्यवसायियों के दुकानों में रविवार की रात मास्टर चाभी से ताला खोलकर लाखों रुपए नकद तथा जरूरी कागजात, बैंकों के चेक बुक, कैश मेमो आदि चोर चुरा ले गए।चोरी की घटना से क्षेत्र के व्यापारियों हड़कंप मचा हुआ है। इस घटना के बाद व्यापारियों की सूचना पर मौके पर पहुंची 112 डायल पुलिस तथा चौकी प्रभारी बैरिया गिरिजेश सिंह लिखित तहरीर लेकर चोरी की घटना की पड़ताल कर रहे हैं।
बैरिया मिर्जापुर गांव निवासी शिवानंद वर्मा जो आलू-प्याज आढ़तिया हैं, उन्होंने बीवी टोला में रात नौ बजे के लगभग अपनी दुकान का ताला बंद कर बगल में ट्रक पर प्याज लदवाने चले गए. इसी बीच मास्टर-की से इनकी दुकान का ताला खोलकर कैश बॉक्स में रखा दो लाख 10 हजार रुपया, नकद तीन बैंकों के चेक बुक, मंडी का लाइसेंस और कई व्यापारियों के बिल तथा कैश मेमो चोर चुरा ले गए.
खाली कैशबॉक्स दुकान से कुछ दूर पर चोरों ने तोड़ कर फेंक दिया था. उधर ओम प्रकाश वर्मा निवासी करमानपुर की दुकान भी इसी मंडी में है जिनके दुकान का भी मास्टर की से ताला खोलकर कैश बॉक्स में रखा ₹4000 नकद तथा जरूरी कागजात अज्ञात चोरों ने चुरा लिया. इसी दुकान के बगल में बीबी टोला निवासी रामजी वर्मा की भी सब्जी की थोक दुकान है जिसका ताला खोलकर कैश बॉक्स में रखे ₹15000 नकद तथा कुछ मिनी ट्रकों की चाभी पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। सोमवार को सुबह जब तीनों व्यवसाई अपने-अपने दुकानों पर पहुंचे तो उन्हें चोरी की घटना की जानकारी हुई तत्काल 112 डायल पुलिस को तथा बैरिया थाने को दे दी गई। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज बैरिया गिरजेश सिंह व्यापारियों से तहरीर लेकर जांच में जुटे हुए हैं।
Comments
No comments yet.