परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया गाली-गलौज और थप्पड़ मारने का आरोप, मेडिकल बोर्ड करेगा जांच
वाराणसी। बीएचयू अस्पताल के आईसीयू में भर्ती पद्मश्री सम्मानित 85 वर्षीय इमेरिटस प्रोफेसर प्रो. टीके लहरी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। परिजनों ने कार्डियोथोरेसिक विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अरविंद पांडेय पर गाली-गलौज और थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक, घटना में प्रो. लहरी के चेहरे पर चोट आई और एक आंख लाल हो गई।
परिजनों का कहना है कि घटना 29 अगस्त की रात कार्डियोथोरेसिक आईसीयू में हुई। उन्हें इसकी जानकारी एक सितंबर को मिली, जिसके बाद उन्होंने बीएचयू के कुलपति, आईएमएस निदेशक और चिकित्सा अधीक्षक से शिकायत की।
शिकायत के बाद बीएचयू प्रशासन ने मेडिकल बोर्ड गठित कर जांच शुरू कर दी है। आईएमएस निदेशक और चिकित्सा अधीक्षक ने आईसीयू पहुंचकर प्रो. लहरी का हाल जाना। बोर्ड के सदस्यों ने भी मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी ली।
प्रो. लहरी 27 जनवरी से आईसीयू में भर्ती हैं। फिलहाल मारपीट के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
Comments
No comments yet.