बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के सहरसपाली नई बस्ती में सोमवार की देर रात चोरों ने दुस्साहसिक तरीके से एक घर को निशाना बनाया। एक कमरे में सो रहे परिवार के सदस्यों को बाहर से बंद कर चोर दूसरे कमरों में रखी आलमारी, सूटकेस और बक्सों को खंगालते रहे। चोर करीब 3.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के लाखों रुपये के आभूषण और कीमती कपड़े समेटकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी परिजनों को मंगलवार की सुबह नींद खुलने के बाद हुई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रेवती थाना क्षेत्र के मझौवा दीघार नई बस्ती निवासी विवेक कुमार मिश्रा वर्ष 2019 से सहरसपाली नई बस्ती में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते हैं।
प्रतिदिन की तरह सोमवार की रात विवेक कुमार मिश्रा, उनकी पत्नी, पुत्र और पुत्री एक ही कमरे में सो रहे थे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और बाहर कूलर चल रहा था। बताया जाता है कि देर रात चोर घर की बाउंड्रीवाल फांदकर पीछे की ओर लगी खिड़की का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद जिस कमरे में परिवार सो रहा था, उसके दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया। परिवार के सदस्य बेखबर सोते रहे और चोरों ने घर के अन्य कमरों में रखी आलमारी, सूटकेस और बक्सों को खंगालना शुरू कर दिया। पीड़ित के मुताबिक चोर 3.50 लाख रुपये नकद, सोने के दो मांगटीका, दो नथिया, तीन जोड़ी कान के आभूषण, चार सोने की चूड़ियां, करीब 22 भर चांदी का डाड़ा, दो हथशंकर, दो जोड़ी पायल और पांच जोड़ी बिछिया समेत अन्य कीमती सामान उठा ले गए। चोर घर में रखे हजारों रुपये के कीमती कपड़े भी समेट ले गए। इतना ही नहीं, बेटी की पढ़ाई की कॉपी-किताबें भी चोर अपने साथ ले गए और कुछ दूरी पर ले जाकर फेंक दीं। कूलर चलने के कारण परिजनों को चोरी की भनक तक नहीं लगी। सुबह नींद खुलने पर जब परिवार के सदस्यों ने कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो वह बाहर से बंद मिला। किसी तरह दरवाजा खोलने के बाद जब वे दूसरे कमरों में पहुंचे तो आलमारी, सूटकेस और बक्सों में रखा सामान गायब मिला। घर का सामान बिखरा देख परिजनों के होश उड़ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मंगलवार शाम पीड़ित विवेक कुमार मिश्रा ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी। शहर कोतवाल प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
Comments
No comments yet.