फेफना। थाना क्षेत्र के देवरिया कला गांव के सामने बुधवार तड़के ट्रेन की चपेट में आने से 50 वर्षीय महिला रीना देवी की मौत हो गई। सुबह ग्रामीण जब शौच के लिए निकले तो रेलवे ट्रैक के पास महिला का शव देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही जीआरपी, रेलवे मोबाइल फोर्स व फेफना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान रीना देवी (50) पत्नी सुमर वर्मा, निवासी देवरिया कला के रूप में हुई। रीना देवी के तीन बेटे मंगल वर्मा, आनंद वर्मा और कृष्ण वर्मा हैं। परिजनों के अनुसार तीनों कृषि कार्य करते हैं और खेती-बाड़ी के जरिए परिवार का जीवनयापन करते हैं।
आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि रीना देवी मानसिक रूप से बीमार थीं और लंबे समय से उनका इलाज चल रहा था। उनका इलाज उनके नैहर क्षेत्र समस्तीपुर बांसडीह के रुस्तमपुर बांसडीह में रहकर चल रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक करीब दो दिन पहले ही वह अपने गांव देवरिया कला वापस आई थीं।
बुधवार तड़के वह रेलवे ट्रैक की ओर कैसे पहुंचीं और ट्रेन की चपेट में कैसे आईं, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।
इस संबंध में फेफना थाना प्रभारी अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Comments
No comments yet.