Delhi New Chief Minister Name Live Updates: दिल्ली को आज नया सीएम मिल गया। आतिशी मार्लेना आम आदमी पार्टी की तरफ से सीएम कैंडिडेट बनाई गई हैं। अरविंद केजरीवाल आज अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं। सुबह 11 बजे आप की बैठक में आतिशी के नाम का प्रस्ताव आया, जिसपर सभी विधायकों ने अपनी सहमति दे दी। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित के बाद आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला सीएम बनी हैं।

अरविंद केजरीवाल के आवास पर मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज और आतिशी समेत सभी आप विधायक और मंत्री मौजूद हैं. अरविंद केजरीवाल को एलजी वीके सक्सेना ने मिलने का समय दे दिया है. अरविंद केजरीवाल मंगलवार शाम 4.30 बजे को एलजी से मुलाकात करेंगे और अपना इस्तीफा सौंपेंगे. तो चलिए जानते हैं दिल्ली में आज क्या-क्या हो रहा.

आतिशी का केंद्र सरकार पर बड़ा हमला

दिल्ली की मनोनीत सीएम आतिशी ने कहा कि केंद्र की बीजेपी सरकार ने अरविंद केजरीवाल पर झूठे आरोप लगाए। सुप्रीम कोर्ट ने ना सिर्फ केजरीवाल को बरी किया बल्कि तीखी टिप्पणी की थी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी गलत थी। ये दुर्भावना के तहत हुई थी। केजरीवाल ने जो फैसला लिया शायद वो देश के इतिहास में किसी नेता ने लिया होगा। ये आम आदमी पार्टी के लिए नुकसान है। आने वाले चुनाव में केजरीवाल को सीएम बनाना है। लेकिन जबतक चुनाव नहीं होता, केजरीवाल ने मुझे जिम्मेदारी दी है। मेरे पास जबतक ये जिम्मेदारी है तबतक दो काम मेरे पास रहेंगे। पहला कैसे केजरीवाल को दिल्ली का फिर से सीएम बनाएं। जबतक चुनाव नहीं होते उसमें दिल्ली के लोगों की रक्षा करना।

गोपाल राय ने बताया क्या-क्या हुआ

दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने केजरीवाल के इस्तीफे के बाद बताया कि दिल्ली की जनता जबतक उन्हें फिर से जितवाकर सीएम पद पर नहीं बैठाएगी तबतक वह इस पद पर नहीं रहेंगे। इसी के तहत अरविंद केजरीवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हमने उपराज्यपाल को आप विधायक दल के प्रस्ताव से उन्हें वाकिफ कराया है। दिल्ली के लोगों के लिए केजरीवाल ने जो काम किया, बिजली, पानी स्कूल और अस्पताल जिसपर खतरे मंडरा रहे हैं, उससे उसको बचाया जा सके।

इस्तीफा देकर एलजी के दफ्तर से निकले अरविंद केजरीवाल

एलजी वी के सक्सेना को इस्तीफे की चिट्ठी सौंपकर वो वहां से चले गए हैं। माना जा रहा है कि केजरीवाल कुछ दिनों में सीएम हाउस भी खाली कर देंगे। केजरीवाल करीब दस साल से दिल्ली के सीएम थे।

अरविंद केजरीवाल ने सीएम पद से दिया इस्तीफा

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने दो दिन पहले कहा था कि वह अपने पद से इस्तीफा देंगे। केजरीवाल ने इस्तीफे की चिट्ठी एलजी वी के सक्सेना को सौंप दी है। अब आतिशी राज्य की नई सीएम बनेंगी।

एक ही गाड़ी में एलजी आवास पहुंचे केजरीवाल और आतिशी

इस्तीफा देने से पहले अरविंद केजरीवाल और आतिशी एक ही गाड़ी से दिल्ली एलजी के आवास पर पहुंचे। आप विधायक दल की बैठक में आतिशी को विधायक दल का नेता चुना गया है। केजरीवाल के इस्तीफा के बाद वो राज्य के नए सीएम बनेंगी। आतिशी राज्य की तीसरी महिला सीएम होंगी।