बलिया : छत्तीसगढ़ के मिरतुर जिले में रविवार को नक्सली हमले में शहीद हुए सैनिक राम अशीष यादव का शव मंगलवार की सुबह 10 बजे उनके पैतृक गाँव असनवार पहुंचा। शहीद के शव को देखकर पूरे गांव की आंखें नम हो गई। इस मौके पर बलिया पुलिस द्वारा शहीद को शोक सलामी दी गई। जिलाधिकारी बलिया रविन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा, सीओ सदर शुभ सुचित, एसएचओ संजय शुक्ल, एसडीएम सदानंद सरोज समेत गणमान्य लोगो ने शहीद को श्रद्धांजली दी।

छत्तीसगढ़ में रविवार की शाम हुए नक्सली हमले में राम अशीष यादव 50 वर्ष बलिदान हो गये थे। गाँव पर सूचना आते ही शोक का माहौल पैदा हो गया था। राम अशीष का परिवार छत्तीसगढ़ ही रहता है, लेकिन गाँव वालों के अनुरोध पर शव को सेना की टुकड़ी बलिदानी के गाँव असनवार लेकर आयी।

बलिदानी सैनिक के भाई और सेना से रिटायर सुबेदार रामसेवक यादव ने कहा कि भाई का बलिदान से दुःखी जरूर हैं पर गर्वान्वित इस बात से हैं भारत माता की रक्षा करते हुए भाई बलिदान हो गया है। असनवार गाँव में वर्ष 2022 में भी सेना के सुबेदार रामबदन यादव बार्डर पर देश की रक्षा करते हुये बलिदान हो गये थे। अब गांव का एक और लाल देश की रक्षा के लिए शहीद हो गया। वहीं शहीद के निधन से परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है।