डॉक्टरों पर सीधे एफआईआर दर्ज करने के बजाय पहले निष्पक्ष जांच की मांग, सीएमओ की अध्यक्षता में जांच समिति बनाने का सुझाव
समाचार बैंक | बलिया।
जनपद में निजी अस्पतालों और चिकित्सकों की सुरक्षा का मुद्दा अब प्रमुखता से उठने लगा है। इसी क्रम में बुधवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) एवं बलिया नर्सिंग होम एसोसिएशन के चिकित्सकों का संयुक्त प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को पुष्पगुच्छ भेंट कर चिकित्सकों की सुरक्षा और उनके खिलाफ दर्ज होने वाली शिकायतों में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन में चिकित्सक संगठनों ने कहा कि जनपद के निजी अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों के चिकित्सक कठिन परिस्थितियों में भी मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए दिन-रात कार्य करते हैं। कई बार गंभीर रूप से बीमार मरीजों के उपचार के दौरान अप्रत्याशित रूप से मृत्यु हो जाने पर परिजनों अथवा अन्य लोगों की ओर से बिना ठोस आधार के चिकित्सकों पर लापरवाही के आरोप लगाए जाते हैं। इसके बाद थानों में शिकायत और एफआईआर दर्ज होने की स्थिति बनती है।
ज्ञापन में कहा गया कि बिना तकनीकी और निष्पक्ष जांच के चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई होने से न केवल उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित होती है, बल्कि चिकित्सा कार्य करने में भी भय का वातावरण पैदा होता है। इसका असर गंभीर मरीजों के उपचार पर भी पड़ सकता है।
आजमगढ़ के मामले का भी किया उल्लेख
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में आजमगढ़ जनपद के एक मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन की ओर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
ज्ञापन में रखीं तीन प्रमुख मांगें
चिकित्सक संगठनों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि—
1. किसी भी पंजीकृत चिकित्सक अथवा निजी अस्पताल के खिलाफ इलाज में लापरवाही के आरोप पर बिना विशेष जांच के सीधे एफआईआर या आपराधिक शिकायत दर्ज न की जाए।
2. ऐसी शिकायत मिलने पर पहले मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), बलिया की अध्यक्षता में गठित निष्पक्ष जांच समिति से मामले की जांच कराई जाए।
3. जांच समिति की रिपोर्ट में गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही स्पष्ट होने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाए।
प्रशासन को सहयोग का भरोसा
चिकित्सक संगठनों ने कहा कि वे चिकित्सा के उच्च नैतिक मानकों को बनाए रखने और प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनकी मांग है कि ईमानदारी से चिकित्सा सेवा करने वाले डॉक्टरों को अनावश्यक उत्पीड़न से बचाने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी बलिया को भी भेजी गई है। प्रतिनिधिमंडल में बलिया मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. बी. के. गुप्ता , सचिव डॉ. आकाश सिंह, डॉ. वीरेंद्र कुमार गुप्ता, डॉ. ए.के. गुप्ता, डॉ पी.के. सिंह, डॉ. सौरभ राय, डॉ. राजेश केजरीवाल, डॉ. जेपी सिंह सहित अन्य चिकित्सक शामिल रहे। ज्ञापन पर बलिया नर्सिंग होम एसोसिएशन के पदाधिकारियों के भी हस्ताक्षर हैं।
अब देखना होगा कि चिकित्सक संगठनों की इन मांगों पर पुलिस प्रशासन क्या कदम उठाता है।
Comments
No comments yet.