भूमि पूजन के बाद परिवहन मंत्री ने कहा कि ददरी मेला बलिया की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इसके पुराने गौरव को पुनर्स्थापित करने और आयोजन को अधिक भव्य बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद आपसी समन्वय से मेले को बेहतर, आकर्षक और सुव्यवस्थित स्वरूप देने में जुटे हैं।
पांच हजार वर्ष पुरानी परंपरा से जुड़ा है ददरी मेला
ददरी मेले का इतिहास प्राचीन धार्मिक मान्यताओं और पौराणिक परंपराओं से जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि इसकी परंपरा लगभग पांच हजार वर्ष पुरानी है। पौराणिक कथा के अनुसार,महर्षि भृगु के शिष्य दरदर मुनि अयोध्या से मां सरयू को लेकर बलिया पहुंचे थे। यहां गंगा और सरयू के संगम के बाद महर्षि भृगु ने प्रसन्न होकर दरदर मुनि के नाम पर मेले के आयोजन की परंपरा शुरू कराई थी।
तभी से कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पवित्र स्नान और मेले का आयोजन होता आ रहा है। समय के साथ ददरी मेला धार्मिक आयोजन के साथ-साथ व्यापार,लोक संस्कृति और सामाजिक मेल-मिलाप का बड़ा केंद्र बन गया।
मीना बाजार से पशु बाजार तक रहता है आकर्षण
लगभग एक महीने तक चलने वाले ददरी मेले में विशाल मीना बाजार सजता है। महिलाओं और बच्चों के लिए यहां विशेष आकर्षण रहते हैं। शादी-विवाह से संबंधित सामान,घरेलू उपयोग की वस्तुओं और पारंपरिक उत्पादों की खरीदारी के लिए दूर-दराज से लोग पहुंचते हैं।
मेले का पशु बाजार भी इसकी विशिष्ट पहचान है। यहां घोड़ों, गधों और अन्य पशुओं की खरीद-बिक्री के लिए देश के विभिन्न राज्यों से व्यापारी और पशुपालक आते हैं। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।
भूमि पूजन के बाद परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और जिलाधिकारी ने ददरी मेले के पशु बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हरियाणा,पंजाब,राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से आए अलग-अलग नस्लों के घोड़ों को देखा और उनकी विशेषताओं की जानकारी ली।
सुरक्षा से लेकर सुविधाओं तक पुख्ता इंतजाम की तैयारी
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि ददरी मेले को इस बार नए उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित करने की तैयारी है। श्रद्धालुओं,पर्यटकों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए जिला प्रशासन,पुलिस प्रशासन और नगर पालिका परिषद संयुक्त रूप से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं।
मेले में आने वाले लाखों लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। कार्तिक पूर्णिमा के पावन स्नान को देखते हुए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है,ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजेगी मेले की शाम
ददरी मेले की शामों को यादगार बनाने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। देश के अलग-अलग हिस्सों से कलाकारों के पहुंचने की उम्मीद है। लोककला,संगीत और भारतीय परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक संध्याएं मेले का प्रमुख आकर्षण होंगी। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार की दुकानें और मनोरंजन के साधन भी मेले की रौनक बढ़ाएंगे।
Comments
No comments yet.