विशेष लोक अदालत में 1,451 ट्रैफिक चालानों का निस्तारण, 5.99 लाख रुपये का अर्थदंड जमा
बलिया। मोटर वाहन अधिनियम के तहत लंबित ट्रैफिक चालानों के निस्तारण में बलिया न्यायालय ने प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया है। शनिवार, 28 नवंबर 2026 को दीवानी न्यायालय परिसर में आयोजित विशेष लोक अदालत में कुल 1,451 चालानों का निस्तारण किया गया। इस दौरान अर्थदंड के रूप में कुल 5,99,395 रुपये जमा कराए गए।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर आयोजित इस विशेष लोक अदालत का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के तत्वावधान में किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनिल कुमार झा के आदेशानुसार तथा विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) एवं लोक अदालत के नोडल अधिकारी प्रथम कान्त के मार्गदर्शन में यह आयोजन संपन्न हुआ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने इसकी व्यवस्थाओं का संचालन किया।
सीजेएम न्यायालय में सर्वाधिक चालानों का निस्तारण
विशेष लोक अदालत में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शैलेश पाण्डेय के न्यायालय में सर्वाधिक 1,315 चालानों का निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त सिविल जज (सीनियर डिवीजन) गार्गी शर्मा के न्यायालय में 7, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम नवनीत कश्यप के न्यायालय में 68 तथा सिविल जज (सीनियर डिवीजन), एफटीसी के न्यायालय में 32 चालानों का निस्तारण हुआ।
इसी क्रम में सिविल जज (जूनियर डिवीजन), पूर्वी सृष्टि त्रिपाठी के न्यायालय में 2, न्यायिक मजिस्ट्रेट-द्वितीय प्रियंका यादव के न्यायालय में 8, सिविल जज (जूनियर डिवीजन), एफटीसी-1 स्निग्धा प्रधान के न्यायालय में 13 तथा सिविल जज (जूनियर डिवीजन), एफटीसी-3 के न्यायालय में 6 चालानों का निस्तारण किया गया।
डिजिटल भुगतान को दिया गया बढ़ावा
लोक अदालत में चालानों के अर्थदंड का भुगतान पेमेंट सेतु पोर्टल के माध्यम से जनरेट किए गए क्यूआर कोड से ऑनलाइन कराया गया। खास बात यह रही कि पूरी प्रक्रिया में नकद धनराशि जमा नहीं कराई गई। इस व्यवस्था के जरिए डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहन देने के साथ डिजिटल इंडिया अभियान को भी बढ़ावा मिला।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चालान निस्तारण के मामले में बलिया न्यायालय ने प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त किया है।
Comments
No comments yet.