
हादसे में चालक समेत 17 घायल, छह गम्भीर, शेष घायलों का जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
फेफना बाल सुधार गृह के पास हुआ सड़क हादसा
बलिया। फेफना तिराहे से 500 मीटर दूर स्थित बाल सुधार गृह के पास खड़े ट्रक में अनियंत्रित तेज रफ्तार पिकअप ने शनिवार की सुबह जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें चालक समेत कुल 17 छात्र घायल हो गए। इसमें से छह की स्थिति गंभीर बनी हुई है। जबकि एक छात्र की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वही दूसरे छात्र की वाराणसी जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। उधर, घटना की जानकारी होते ही छात्रों के परिजन घटनास्थल और जिला अस्पताल की ओर भागे। जहां काफी संख्या में भीड इकट्ठा हो हो गई थी। घटना की जानकारी होते ही जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार और पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर व सीएमओ विजयपति द्विवेदी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल-चाल जाना.

छात्रों के परिवारों पर गिरा बज्रापात
बलिया। जैसे ही सड़क हादसे की सूचना परिजनों को हुई मानो उन परिवारों पर वज्रपात गिर गया हो, जो जहां था वहीं से नाते रिश्तेदार को फोन करते हुए रोते-बिलखते हुए घटनास्थल और जिला अस्पताल की ओर दौड़ा। कुछ ही देर में जिला अस्पताल में सैकड़ो की तादाद में भीड़ इकट्ठा हो गए।

इनसेट…
डीएम-एसपी जिला चिकित्सालय पहुंचे, स्वास्थ्य महकमे को किया अलर्ट
बलिया। शनिवार की सुबह फेफना तिराहे से 500 मीटर पूरब अचानक हुए सड़क हादसे में नागजी विद्यालय माल्देपुर के 16 छात्रों के जख्मी होने की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार एवं पुलिस कप्तान विक्रांत वीर जिला चिकित्सालय पहुंचे। डीएम ने जिला चिकित्सालय में पहुंचकर सीएमओ एवं सीएमएस को अलर्ट करते हुए छात्रों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य महकमे के चिकित्सकों को इमरजेंसी काम कर तत्काल बुलाने एवंं उपचार में जुटने की बात कही। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था एवं लोगों के इलाज में किसी तरह का व्यवधान न उत्पन्न हो इस पर पुलिस अफसरों को ध्यान देने का निर्देश दिया।

इनसेट…
नपा चेयरमैन समेत कई जनप्रतिनिधि जिला अस्पताल पहुंचे
बलिया। नागाजी विद्यालय के 16 छात्रों के एक साथ सड़क हादसे में घायल होने के बाद नगर पालिका के अध्यक्ष संत कुमार मिठाई लाल, भाजपा उपाध्यक्ष संजय मिश्रा समेत कई जनप्रतिनिधि तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंच गए। उन्होंने पीड़ित परिजनों से मिलने के बाद उनके उपचार की बेहतर व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। साथ ही इस संबंध में स्वास्थ्य महकमें के अधिकारियों से बातचीत की।

इनसेट…
सपा विधायक ने जिला अस्पताल पहुंच लोगों को ढांढस बंधाया
बलिया। फेफना थाने से कुछ दूरी पर हुए भीषण सड़क हादसे में छात्रों के गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाके के सपा विधायक संग्राम यादव सीधे जिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल पहुंचकर उन्होंने नागजी विद्यालय माल्देपुर के घायल छात्रों का हाल जाना। इस दौरान छात्र यश प्रताप सिंह पुत्र राकेश सिंह निवासी पिपराकला- लक्ष्मनपुर बलिया तथा विशाल प्रताप सिंह पुत्र जितेंद्र प्रताप सिंह निवासी अंबेडकरनगर की मृत्यु होने पर दुःख व्यक्त किया और पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाया। साथ ही अन्य घायल छात्रों के उपचार की बेहतर व्यवस्था करने के लिए स्वास्थ्य महकने के अधिकारियों से वार्तालाप की।
Pradeep Gupta