लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक बार फ‍िर आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। यूपी के बलिया जिले के नरही थाने में अवैध वसूली मामले एसपी देव रंजन वर्मा नप गए। मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर बलिया के एसपी देव रंजन को हटाकर विक्रांत वीर को बलिया जिले का नया पुलिस कप्‍तान बनाया है। विक्रांत वीर लखनऊ में पीएसी की 32वीं वाहिनी में तैनात थे। हालांकि विक्रांत वीर बलिया में भी अपर पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य कर चुके है. इसके साथ ही कानपुर पुलिस कमिश्‍नरेट में तैनात विजय ढुल को यूपी 112 का नया एसपी बनाया गया है। वहीं, 112 में तैनात एसपी दिनेश त्रिपाठी को कानपुर कमिश्‍नरेट में तैनात कर दिया गया है.

गौरतलब है कि बिहार-बलिया बॉर्डर पर नरही थाना क्षेत्र में ट्रकों से अवैध वसूली का मामला सामने आया था। यहां गुरुवार को एडीजी वाराणसी और डीआईजी आजमगढ़ की संयुक्‍त टीम ने छापेमारी कर बलिया के नरही थाना क्षेत्र के भरौली तिराहा पर अवैध वसूली के संगठित गिरोह का भंडाभोड़ किया था।

इसमें बलिया पुलिस की भी संलिप्‍तता पाई गई थी। इसके बाद एक्‍शन में आए सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने बलिया के पुलिस अधीक्षक देव रंजन वर्मा को हटाकर वेटिंग में डाल दिया। इतना ही नहीं वहां के एएसपी दुर्गा प्रसाद तिवारी को भी वेटिंग लिस्‍ट में डाल दिया। सीओ सदर, एस एच ओ नरहीं, चौकी इंचार्ज कोरन्टाडीह को ससपेंड करते हुए उनके विरुद्ध विजिलेंस जाँच गठित कर दी गयी है.