बलिया। बांसडीह कोतवाली में तैनात रिक्रूट आरक्षी परितोष मिश्रा का शव सोमवार को बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के छाता रेलवे क्रॉसिंग के पास पानी भरे गहरे गड्ढे/तालाब से बरामद होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सिपाही रविवार रात से लापता था और निर्धारित द्वितीय मोबाइल ड्यूटी पर भी नहीं पहुंचा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के साथ उसकी बाइक भी बरामद की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया सड़क से बाइक के अनियंत्रित होकर गहरे पानी में गिरने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

प्रयागराज जिले के होलागढ़ थाना क्षेत्र निवासी परितोष मिश्रा (पीएनओ नंबर 252099265) वर्ष 2025 बैच के रिक्रूट आरक्षी थे और बांसडीह कोतवाली में तैनात थे। पुलिस के अनुसार, रविवार 13 सितंबर को वह अपने निजी मोटरसाइकिल से साथी आरक्षी शिवगोपाल पाल को बलिया रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। शिवगोपाल पाल को बेल कमेंट दाखिल करने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट जाना था।
साथी को स्टेशन छोड़ने के बाद लौटते समय परितोष मिश्रा ने बांसडीहरोड थाना क्षेत्र में तैनात दो-तीन साथी पुलिसकर्मियों के साथ छाता गांव के पास भोजन किया। भोजन के बाद उन्होंने साथियों को बताया कि उन्हें रात में द्वितीय मोबाइल ड्यूटी के लिए जाना है और बाइक से वहां से निकल गए। इसके बाद वह निर्धारित समय पर बांसडीह कोतवाली नहीं पहुंचे।

काफी देर तक ड्यूटी पर नहीं पहुंचने पर साथी पुलिसकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की। मोबाइल फोन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। रातभर आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद उनका पता नहीं चल सका।

सोमवार सुबह करीब 10 बजे छाता रेलवे क्रॉसिंग के पास पानी भरे गहरे गड्ढे/तालाब में उनका शव दिखाई दिया। सूचना पर बांसडीहरोड पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। पास में ही उनकी मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस प्रथमदृष्टया आशंका जता रही है कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरे गड्ढे में चली गई होगी, जिससे सिपाही पानी में डूब गए। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस साथ भोजन करने वाले कर्मियों समेत अन्य लोगों से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने अधिकारियों को घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि परितोष मिश्रा के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर एडिशनल एसपी दिनेश शुक्ल, सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्र, बांसडीह कोतवाल राकेश सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।