बलिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा फेरबदल करते हुए नरहीं समेत 10 थानों पर नए थानाध्यक्षों की तैनाती की है। तबादला आदेश के तहत कई थानों के प्रभारियों को बदल दिया गया है।

एसपी के आदेश के अनुसार दुबहड़ के थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल को नरहीं थाने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं चितबड़ागांव के थानाध्यक्ष बृजेश सिंह को दुबहड़ का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। नरहीं के थानाध्यक्ष हरिशंकर सिंह को सिकंदरपुर भेजा गया है।

पुलिस लाइन में तैनात अनिल कुमार उपाध्याय को उभांव थाने का प्रभारी बनाया गया है। सिकंदरपुर के थानाध्यक्ष सुशील दूबे को खेजुरी थाने की कमान सौंपी गई है। वहीं एसटी सेल में तैनात राजेश बहादुर सिंह को बांसडीहरोड का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।

इसके अलावा खेजुरी के थानाध्यक्ष लालमणि सरोज को चितबड़ागांव, भीमपुरा के थानाध्यक्ष रंजीत विश्वकर्मा को पकड़ी तथा पकड़ी के थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार को भीमपुरा थाने की जिम्मेदारी दी गई है।

बांसडीहरोड के थानाध्यक्ष वंश बहादुर को डीसीआरबी का प्रभारी बनाया गया है।

सुखपुरा थानाध्यक्ष पर कार्रवाई न होने को लेकर उठे सवाल

फेरबदल के बीच सुखपुरा थानाध्यक्ष रत्नेश दुबे को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर उनके खिलाफ मुकदमों की विवेचना में कथित तौर पर मनमानी और तथ्यों को प्रभावित करने जैसे आरोप लगाए जाते रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद तबादला सूची में उनका नाम नहीं होने से पुलिस महकमे में चर्चा तेज है।