बलिया। जनपद में 1000 बंदियों की क्षमता वाले नए जेल भवन के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि जेल भवन के निर्माण से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रमुख बाधाओं को भी दूर कर लिया गया है। ऐसे में जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
प्रस्तावित नया जेल भवन बलिया-गड़वार मार्ग पर ग्राम नरायनपाली, खड़ीचा और घोसवटी में सड़क किनारे बनाया जाएगा। इसके लिए कुल 62 एकड़ भूमि की आवश्यकता है, जिसमें से अब तक 57 एकड़ भूमि की खरीद पूरी की जा चुकी है।
जिलाधिकारी के मुताबिक नया जेल भवन आधुनिक सुविधाओं और नवीन तकनीक से लैस होगा। भवन का निर्माण भूकंपरोधी तकनीक से कराया जाएगा। जेल परिसर में बंदियों की सुरक्षा, निगरानी और प्रबंधन के साथ आवश्यक तकनीकी सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
नए जेल भवन के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। भूमि संबंधी प्रक्रिया और अन्य प्रमुख अड़चनें दूर होने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
अधिकारियों के अनुसार, अतिशीघ्र निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। नए जेल भवन के अस्तित्व में आने से बलिया की जेल व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप मिलने के साथ ही बंदियों को रखने की क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी
Comments
No comments yet.