शिलांग: पूर्वोत्तर हिंदी अकादमी शिलांग, हिंदी विभाग केलानिया विश्वविद्यालय, केलानिया, श्रीलंका व स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र, भारतीय उच्चायोग, कोलंबो के तत्वावधान में आयोजित 20 वें लेखक मिलन शिविर सम्मेलन में बलिया के कवि, गीतकार पवन कुमार तिवारी को ' भारत-श्रीलंका हिंदी गौरव सम्मान' से सम्मानित किया गया। इस सम्मान के बाद पूर्वांचल सहित देश के लोगों में खुशी व्याप्त है वहीं श्री तिवारी के शुभचिंतकों ने उन्हें फोन व दूरभाष पर बधाई देना शुरू कर दिया है।

बता दें कि पूर्वोत्तर हिंदी अकादमी द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन में देश के चौदह राज्यों से एक सौ एक लेखक,कवि, साहित्यकार सहभागिता किए थे । भारतीय उच्चायोग श्रीलंका द्वारा आयोजित विश्व हिंदी दिवस पर पूरे श्रीलंका के हिंदी प्रतियोगिताओं के विजेताओं के साथ, भारतीय साहित्यकारों के समूह को उच्चायोग द्वारा आमंत्रित किया गया। श्रीलंका में भारतीय उच्चायुक्त महामहिम श्री संतोष झा, उप उच्चायुक्त श्री सत्यांचल पांडेय , श्रीलंका सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री के साथ कई गणमान्यों की सहभागिता रही ।