पुलिस के प्रेस नोट व आला अफसर के बयान में विरोधाभास से खुलासा की खुल रही पोल

  • युवती का अर्धनग्न शव

बलिया। थाना उभांव अंतर्गत ग्राम अवाया के पास छोटी माइनर में पांच जनवरी को एक युवती का अर्धनग्न शव मिला था। प्रत्यक्षदर्शी युवती की स्थिति देख दुष्कर्म की आशंका व्यक्त किये थे। जिसकी शिनाख्त आरती पुत्री शिवनारायन राजभर निवासी ग्राम चौकिया थाना उभांव जनपद बलिया के रुप में की गयी थी । इस संबंध में थाना उभांव की पुलिस ने धारा 302 के तहत अज्ञात पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था । इस मामले में युवती के भाभी के ममेरे भाई को गिरफ्तार कर घटना के पांच दिन बाद सोमवार को मामले का सफल अनावरण कर दिया गया। पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति व एएसपी के बयान में युवती के अर्धनग्न शव अब भी सवाल खड़े कर रहे है। वहीं परिजन शुरु से ही दुष्कर्म व पीएम पर सवाल खड़े करते आ रहे है। लेकिन पुलिस उसे दरकिनार करते हुए विज्ञप्ति में मुंह दबाकर तो एएसपी ने गला दबाकर मारने की पुष्टि की है ?

https://youtu.be/bNdUgoX7RA8

पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर ने इस घटना का पटापेक्ष करने के लिए तीन टीमें गठित की थी। सोमवार को एसएचओ उभांव अविनाश कुमार सिंह मय फोर्स मुखबीर की सूचना पर अभियुक्त अंचल राजभर पुत्र सूरज निवासी रामपुर कानूनगो को बेल्थरा बाजार चट्टी के पास से सवा चार बजे गिरफ्तार कर लिया । जिसका खुलासा जिला मुख्यालय पर अपर पुलिस अधीक्षक विजय त्रिपाठी ने पत्रकारों के समक्ष किया।

अपर पुलिस अधीक्षक विजय त्रिपाठी ने घटना का पर्दाफाश करते हुए मीडिया से बताया कि पूछताछ में अभियुक्त अंचल राजभर द्वारा बताया गया कि मेरी बुआ की लड़की रीना की ससुराल चौकिया थाना उभांव में है। जहां मै अक्सर आता-जाता रहता था। मेरा रीना की ननद मृतका आरती से सम्पर्क हो गया था। इसी बीच मेरे द्वारा एक मोबाइल व सिम मृतका को चोरी से दे दिया था। जिससे आपस में हम लोग बातचीत करते थे। इसी बीच मृतका को उसकी छोटी बहन पूजा व भाई गुडडू ने बात करते हुए पकड़ लिये थे। बहन भाइयों में मारपीट हुई थी फिर भी वह चोरी से मौका निकालकर मुझसे बात करती थी। दो जनवरी को मुम्बई से घर आने के लिए निकला इस बात की मृतका को जानकारी थी। अगले दिन गोदान एक्सप्रेस से बेल्थरा रोड स्टेशन उतरा तो मृतका मिलने के लिए जिद करने लगी व कहने लगी अगर नही मिलोगें तो मै अपनी जान दे दूंगी। रात करीब 10.30 बजे मृतका ने मुझे फोन करके अवाया पावर हाउस के पीछे बगीचे मे बुलाया उसके बाद हम दोनों बड़ी नहर की तरफ से खेतों में होते हुए एक छोटी माइनर तक पहुंच गए। उसके बाद मृतका मुझसे शादी करने की जिद करने लगी। मैने कहा कि जहां पर शादी तय है। उसी से शादी कर लो, मगर वह मुझसे ही शादी करने की जिद करने लगी। काफी समझाने के बाद भी मानने को तैयार नही थी, तो मै उठकर जाने लगा तो मुझे पकड़ ली। उसी छिनाझपटी में हम दोनो नहर के गढढें में चले गए । पानी में गिरते ही मैने उसके मुंह को जबरदस्ती पानी मे दबा दिया। कुछ देर बाद उसकी सांस रुक गयी। मै घबरा गया था। मौके से मृतका आरती के द्वारा लाया गया टिफिन, चप्पल को नहर के थोड़ा आगे फेक दिया व मोबाइल को साथ लेकर चला गया व सिम को भागते समय कहीं तोड़कर फेंक दिया। आज पुनः मुम्बई भागने की फिराक में था कि पुलिस ने पकड़ लिया। उसके पास से मृतका की छोटी मोबाइल बरामद की है।

इस बार भी पुलिस के खुलासे तमाम झोल है। पुलिस के प्रेसनोट में मुह दबाने की बात कहि गयी है। जबकि पुलिस की ओर से ही जारी एएसपी के वीडियो बयान में गला दबाकर मारने की बात कही गयी है। इसके अलावे भी कई सवाल हैं जो लोगों के लिए यक्ष प्रश्न बने हुए है।लोगों के बीच यह भी सवाल खड़े होने लगे है कि युवती अर्धनग्न कैसे हुई और परिजनों के मुताबिक गर्दन पर चोट व जंघे पर खून के निशान कैसे आये। इसका जिक्र पुलिस के खुलासे में कहीं नहीं देखने को मिला है। परिजनों के सवालों के जबाब पुलिस नहीं दे पाई है। जो युवती के अर्धनग्न शव के खुलासे पर प्रश्न चिन्ह खड़े कर रहे है? अब तो बस लोगों में एक ही सवाल है कि आखिर बलात्कार, गैंगरेप के मामलों से पल्ला झाड़ कर पुलिस को क्या हासिल हो पायेगा।