
बलिया: दिल्ली पब्लिक कॉन्वेंट स्कूल, बहेरी–मिड्ढा में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का सफल एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ सहभागिता की। इस दौरान स्कूल के छात्रों ने अपने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए कौशल का जलवा बिखेरा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में (DMO) डॉ. राजेश तिवारी एवं (DSO) डॉ. अभिषेक मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान अतिथियों ने खिलाड़ी छात्रों से परिचय प्राप्त किया इस मौके पर आयोजित वॉलीबॉल फाइनल प्रतियोगिता मेंमें कक्षा 11वीं विज्ञान वर्ग के बालकों की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय प्राप्त की। वहीं खो-खो प्रतियोगिता में कक्षा 9A की बालिकाओं की टीम विजेता रही।

विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथियों द्वारा पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। खेल दिवस के माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल खेलों का आनंद लिया, बल्कि यह महत्वपूर्ण संदेश भी आत्मसात किया कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों के जीवन में खेलकूद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेलों में भाग लेने हेतु प्रेरित किया।

विद्यालय परिवार ने इस सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की। इस मौके पर प्रबंध कमेटी की ओर से शमीमा खान ने अपने स्कूल के छात्रों को आशीर्वाद प्रदान किया