उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ट्रांसपोर्ट नगर में शनिवार को एक इमारत के गिरने से बड़ा हादसा हो गया था.अब इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ तक पहुंच गई है. समाचार एजेंसी एएनआई ने राहत आयुक्त कार्यालय लखनऊ के हवाले से यह जानकारी दी है. साथ ही समाचार एजेंसी पीटीआई ने भी इसकी पुष्टि कर दी है.

राहत आयुक्त कार्यालय के मुताबिक़, इस हादसे में घायलों की संख्या 28 है. कार्यालय ने मृतकों और घायलों के नाम भी जारी कर दिए हैं.साथ ही कार्यालय ने यह भी बताया है कि रेस्क्यू का काम जारी है और एनडीआरएफ़ और एसडीआरएफ़ की टीमें घटना स्थल पर मौजूद हैं.घटना पर शनिवार को उत्तर प्रदेश के एडीजी (कानून और व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया था कि कुल 24 व्यक्तियों को अभी तक रेस्क्यू किया गया है और उनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है.एडीजी ने कहा था कि एनडीआरएफ़, एसडीआरएफ़, फायर सर्विसेज़, नगर निगम, बिजली विभाग, मेडिकल विभाग ये सभी रिलीफ़ और रेस्क्यू में लगे हुए हैं.

बिल्डिंग गिरने से 8 लोगों की मौत
बता दें कि लखनऊ में बिल्डिंग गिरने से 8 लोगों की मौत हो गई है, जिसमें 3 की पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, लखनऊ एडीजी ने बताया, पूरी बिल्डिंग की तलाशी ली जा रही है। सभी विभागों का समन्वय स्थापित किया गया है। ज्यादा से ज्यादा लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। बिल्डिंग गिरने की वजह रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद ही पता चल पाएगी। तलाशी के लिए सभी तकनीकी उपकरण लगा दिए गए हैं.
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट करते हुए लिखा- 'लखनऊ में एक भवन के गिरने से हुई दुर्घटना का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मैंने लखनऊ के ज़िलाधिकारी से फ़ोन पर बातचीत करके घटनास्थल पर हालात की जानकारी प्राप्त की है। स्थानीय प्रशासन मौक़े पर राहत एवं बचाव कार्य कर रहा है और पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।

Comments
No comments yet.