प्रयोगशाला उपकरणों के उपयोग से लेकर ब्लड टेस्ट के पैरामीटर और स्वास्थ्य पर उनके प्रभाव तक विशेषज्ञों ने दी जानकारी
बलिया। श्री मुरली मनोहर टाउन पीजी कॉलेज, बलिया के बायोटेक्नोलॉजी विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला के दूसरे दिन छात्र-छात्राओं को प्रयोगशाला तकनीक, ब्लड टेस्ट के विभिन्न पैरामीटर और विज्ञान एवं कृषि के बीच शोध की भूमिका की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
कार्यशाला के द्वितीय सत्र में कृषि रसायन एवं मृदा विज्ञान विभाग के प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार सिंह ने प्रयोगशाला में इस्तेमाल होने वाले इमेजर, ग्लासवेयर सहित विभिन्न उपकरणों की कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
तृतीय सत्र में बायोटेक्नोलॉजी विभाग के सहायक प्रोफेसर वीरेन्द्र कुमार ठाकुर ने ‘डिकोडिंग एंड इंटरप्रेटिंग ब्लड टेस्ट फॉर बेटर हेल्थ’ विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने शुगर, कोलेस्ट्रॉल, हीमोग्लोबिन और विटामिन सहित ब्लड टेस्ट के प्रमुख पैरामीटरों की जानकारी देते हुए इनके स्तर में होने वाले बदलावों और स्वास्थ्य पर उनके प्रभाव को समझाया।
चतुर्थ सत्र में कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) दयालानन्द राय ने विज्ञान और किसानों के बीच हो रहे शोध तथा उसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कार्यशाला में पूरे मनोयोग से भाग लेकर अपनी प्रयोगात्मक एवं वैज्ञानिक क्षमता को विकसित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बायोटेक्नोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. राहुल पाण्डेय , डॉ. मुकेश कुमार वर्मा, डॉ. कौशल कुमार पाण्डेय, डॉ. अवधेश कुमार दुबे, श्री ओम प्रकाश सिन्हा, श्री शिव कुमार सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।
Comments
No comments yet.