‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ और ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ के नारों से गूंजा बलिया कलेक्ट्रेट

बलिया। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से बर्खास्त करने की मांग को लेकर गुरुवार को INDIA गठबंधन के बैनर तले बलिया में प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय से निकला जुलूस जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा, जहां गठबंधन नेताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’, ‘भाजपा भगाओ, देश बचाओ’ और ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ जैसे नारे लगाए। नेताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों के निष्पक्ष निस्तारण, चुनाव व्यवस्था की निष्पक्षता और निर्वाचन आयोग की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
1000641814

लोकसभा सदस्य रामशंकर विद्यार्थी राजभर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था जरूरी है। चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था में जनता का विश्वास कायम रहना चाहिए।

पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोपरि है। निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखना और मताधिकार की रक्षा करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
1000641815



पूर्व मंत्री जियाउद्दीन रिज़वी ने ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यदि उनमें थोड़ी भी हया होती तो वह अब तक इस्तीफा दे चुके होते। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र की हत्या करना उनकी नियति बन गई है।
विधायक जयप्रकाश अंचल ने कहा कि मतदाता सूची से लेकर मतदान तक प्रत्येक प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और संदेह से परे होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष अपनी आवाज मजबूती से उठाता रहेगा।
1000641811

सपा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार मौर्य ने कहा कि INDIA गठबंधन लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता, चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और निर्वाचन आयोग की जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन के माध्यम से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।

प्रदर्शन में मंजू सिंह, संजय उपाध्याय, डॉ. विश्राम यादव, यशपाल सिंह, सुशील पाण्डेय कान्हजी, सीमा राजभर, रामेश्वर पाण्डेय, आशुतोष ओझा, रोहित चौबे, जलालुद्दीन जे.डी., शशिकांत चतुर्वेदी, राजन कन्नौजिया, शैलेश सिंह, जयप्रकाश यादव मुन्ना, अजीत यादव, हरेंद्र गोंड, जमाल आलम, ममता चंद्रा, कामेश्वर सिंह, राजेश गौड़, विकेश सिंह सोनू, विजय शंकर यादव, विनय गौड़, राजेश पासवान, संजय मिश्र, भगवान वर्मा, झलन यादव, रोहित यादव, अजय यादव, रोहित सिंह, जुबेर सोनू, देवीदत्त यादव, अनिल राय, नित्या सैनी, गुरुज लाल राजभर, जय प्रकाश यादव, सर्वजीत यादव, चंदन यादव, सुभाष यादव और रामनाथ पटेल सहित INDIA गठबंधन एवं समाजवादी पार्टी के अनेक नेता-कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन बीरबल राम ने किया। अंत में नेताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।