आजादी के अमृत महोत्सव तहत 14 को शास्त्री पार्क से निकलेगी साइकिल यात्रा


बलिया। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आगामी 14 दिसंबर को आयकर कार्यालय शास्त्री पार्क से अपर आयकर आयुक्त वाराणसी लियाकत अली अफाफी के नेतृत्व में साइक्लोत्थान (साइकिल यात्रा) निकाली जायेगी। जिसकी तैयारियों को अमली जामा पहनाने के लिए आयकर कार्यालय पर शनिवार की देरशाम टैक्स अधिवक्ताओं व चार्टेड अकाउंटेंट व विभागीय कर्मचारियों/ अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

आयकर अधिकारी अनिरुद्ध श्रीवास्तव ने बताया कि 15 अगस्त 2022 को आजादी की 75 वीं वर्षगांठ है। इस के उपलक्ष्य में पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव बना रहा है। इसी क्रम में आयकर विभाग बलिया की तरफ से एक साइक्लोत्थान (साइकिल यात्रा) का आयोजन किया गया है। जिसके तहत आयकर विभाग के अपर आयकर आयुक्त वाराणसी लियाकत अली अफाफी अपनी टीम के साथ साइकिल चलाते हुए वाराणसी से गाजीपुर मार्ग होते हुए बलिया सोमवार की देर शाम पहुंचेंगे। मंगलवार की सुबह यानी 14 दिसंबर को सुबह 7:30 बजे आयकर कार्यालय शास्त्री पार्क से साइक्लोत्थान का शुभारंभ किया जाएगा। जिसके तहत शहर के नौ पार्क से होकर यह यात्रा गुजरेगी। जिन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व आजादी के महानायकों का देश को आजादी दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है उन्हें माल्यार्पण किया जाएगा उन नौ स्थानों पर साइक्लोत्थान में शामिल लोगों का भव्य स्वागत किया जाएगा।

साइक्लोत्थान के पश्चात अपर आयुक्त इनकम टैक्स लियाकत अली अफाफी टैक्स बार एसोसिएशन, सीए एसोसिएशन, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर करदाताओं को एडवांस टैक्स पेमेंट करने के लिए जागरूक करेंगे। इस दौरान विभिन्न प्रकार के मुद्दों पर अधिवक्ताओं व सीए से चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव को सफल बनाने के लिए जिले के टैक्स अधिवक्ताओं व चार्टर्ड अकाउंटेंट के साथ बैठक की जा रही है। उन्होंने बताया कि शास्त्री पार्क से निकलने वाली साइकिल स्थान यात्रा का स्वागत समय सुबह 7.30 बजे नगरपालिका चेयरमैन अजय कुमार करेंगे। यह यात्रा शास्त्री पार्क से कदम चौराहा स्थित शहीद मंगल पांडेय स्मारक पहुंचेगी, जहां पर साइकिल यात्रियों का भव्य स्वागत किया जाएगा। बताया कि कदम चौराहा से सतीश चंद्र चौराहे पर स्वतंत्रा सेनानी तारकेश्वर पांडेय के प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद नया चौक पर चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण व स्वागत के बाद शहीद पार्क, ओकडेनगंज उमाशंकर सेनानी, चित्तू पांडेय चौराहे से होते हुए टीडी कालेज चौराहा से कुंवर सिंह चौराहा होते हुए समाप्त होगी। इस मौके पर सीए एसएस श्रीवास्तव, एडवोकेट बीएन पांडेय, बार सचिव उमेश प्रताप, अजय शंकर, प्रदीप कुमार पप्पू, जनक पांडेय, राजेश कुमार, उपेंद्र तिवारी, आफताब आलम, दीपक कुमार, तिवारी शिवजी आदि मौजूद रहे।