बलिया के जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में 29 जुलाई को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल कि अध्यक्षता मे दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया है. जिसमे विवि व उससे सम्बद्ध कालेजों मे उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाल्व छात्रों को राज्यपाल के हाथों सम्मानित किया जायेगा.
बलिया स्थित जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय का आठवां दीक्षांत समारोह आगामी 29 जुलाई को अत्यंत भव्यता के साथ आयोजित किया जा रहा है। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी। प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित डॉक्टर अशोक कुमार सिंह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। यह जानकारी कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल ने शनिवार जननायक चंद्रशेखर विवि में प्रेसवार्ता के दौरान दी।
कहाकि दीक्षांत समारोह में स्नातक के 13,261 विद्यार्थियों में 8093 महिलाएँ और 5167 पुरुष हैं। जबकि परास्नातक के 5,936 विद्यार्थियों में 3,768 महिलाएँ और 2,166 पुरुष हैं। जिनको उपाधियाँ वितरित की जायेंगी। कुल उपाधि प्राप्तकर्ताओं की संख्या 19,197 है, जिनमें 11,861 पुरुष और 7,333 महिलाएँ हैं। इसके अलावा पीएचडी के 30 शोधार्थियों को भी उपाधियाँ प्रदान की जायेंगी। इस अवसर पर अपनी कक्षा में प्रथम आने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जायेगा। कुल 44 स्वर्ण पदक विजेताओं में 35 छात्राएँ और 9 छात्र हैं। एमएस-सी. रसायन विज्ञान की छात्रा नन्दिनी वर्मा को विश्वविद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने के फलस्वरूप कुलाधिपति स्वर्ण पदक प्रदान किया जायेगा। इस दीक्षांत समारोह मे पहली बार एक नया स्वर्ण पदक डॉ. काशी प्रसाद जायसवाल स्मृति स्वर्ण पदक प्रदान किया जा रहा है, जो विश्वविद्यालय की प्राचीन इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग की छात्रा विनीता सिंह को प्रदान किया जायेगा।
दीक्षान्त समारोह की महत्ता को देखते हुए कुलाधिपति के निर्देश के क्रम में दीक्षान्त से पूर्व दीक्षोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय परिसर, प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्रों पर काव्य लेखन, निबंध, चित्रकला आदि विभिन्न प्रतियोगितायें आयोजित की गयीं थी। प्राथमिक विद्यालयों के विजेताओं को इस अवसर पर कुलाधिपति सम्मानित करेंगी। कुलाधिपति द्वारा इस समारोह के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 200 किट भी वितरित किये जायेंगे, जिसमें 100 किट जिला प्रशासन और 100 किट विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराया जायेगा। कुलाधिपति का विशेष ध्यान बालिका एवं महिला स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण की ओर रहता है। इसलिए इस अवसर पर किशोरियों को सर्विकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी टीकाकरण भी होगा। कुलाधिपति द्वारा इन किशोरियों को प्रमाणपत्र प्रदान किये जायेंगे।
इस प्रतिष्ठित दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश के शिक्षा मंत्री और राज्य शिक्षा मंत्री विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने दीक्षांत समारोह को लेकर सभी वृहद और पुख्ता तैयारी पूरी कर ली है, ताकि आयोजन पूरी तरह सफल और सुव्यवस्थित हो सके।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा, जिसमें कुल 44 बच्चों को स्वर्ण पदक प्रदान किया जाना है। एक मेधावी छात्र को विशेष तौर पर प्रतिष्ठित केपी जायसवाल स्मारक गोल्ड मेडल से नवाजा जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे इस दीक्षांत समारोह को अपने जीवन में प्रेरणा का स्रोत बनाएं। जिन मेधावी विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल मिल रहा है, उनसे सीख लेकर कड़े परिश्रम के जरिए अपने विश्वविद्यालय, बलिया जिले तथा पूरे देश का नाम रोशन करें।