शिक्षा निदेशालय लखनऊ के आदेश के बाद अफसरों व शिक्षकों में मची हड़कंप

बलिया। शिक्षा निदेशालय उप्र ने शिक्षा क्षेत्र चिलकहर के खंड शिक्षाधिकारी मोतीलाल चौरसिया व प्रभारी प्रधानाध्यापक पवन सिंह की जांच करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने वित्तीय अनियमितता की इस शिकायत की जांच जिला बेसिक शिक्षाधिकारी शिवनरायण सिंह को करने का निर्देश दिया है। शिक्षा निदेशालय के फरमान के बाद अफसरों व शिक्षको में हड़कंप मची हुई है।

कुछ लोगों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कम्पोजिट विद्यालय चिलकहर नम्बर-एक के जर्जर भवन की नीलामी प्रक्रिया की सिर्फ कोरम पूरा करने का आरोप लगाया था। शिकायतकर्ता ने नीलामी के न्यूनतम मुल्य से कुछ रुपये अधिक पर शिक्षा समिति के एक सदस्य को ही बिल्डिंग नीलाम करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि भवन के ध्वस्तीकरण में लाखों रुपये की ईट-लकड़ी, लोहा आदि का सामान निकला है। उसने मिड-डे-मिल, शौचालय मरम्मत आदि में गड़बड़ी की भी शिकायत करते हुए जांच की मांग की है। इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अपर शिक्षा निदेशक (शिविर) ललिता प्रदीप ने ब्लॉक संसाधन केंद्र चिलकहर के परिसर में स्थित कम्पोजिट विद्यालय चिलकहर नम्बर-एक के प्रभारी प्रधानाध्यापक पवन कुमार सिंह व खंड शिक्षाधिकारी मोतीचंद चौरसिया की जांच करने का निर्देश दिया है। उन्होंने जांच की जिम्मेदारी बीएसए को देते हुए तत्काल जांच आख्या रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है। इस आदेश के बाद अफसरों में हड़कंप मची हुई है।