
बलिया : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा में विगत दिनों फर्श पर गर्भवती का प्रसव होने के मामले को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गंभीरता से लिया है। शनिवार को जिला स्वास्थ्य समिति को बैठक में जिलाधिकारी ने इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने की चेतावनी मुख्य चिकित्साधिकारी व मातहतों को देते हुए व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया था।
इसी क्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर संजीव बर्मन ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा व संयुक्त राजकीय चिकित्सालय सोनबरसा का औचक निरीक्षण किया।उन्होंने फर्श पर प्रसव को गंभीरता से लेने वाली पूर्व सांसद भरत सिंह की पुत्री भाजपा नेत्री विजयालक्ष्मी सिंह को भी फोन करके सोनबरसा बुलाया और यहां की दुर्व्यवस्थाओं के संबंध में उनसे विधिवत जानकारी प्राप्त की। इसके बाद मुख्य चिकित्साधिकारी ने दोनों चिकित्सालयों के एक-एक कमरे, वार्ड और कार्यालय का निरीक्षण किया।
मातहतों से उनके दायित्वों का बोध कराते हुए उनसे उनकी परेशानियों को पूछा। साथ ही स्पष्ट रूप से हिदायत दिया कि अगर नौकरी करनी है तो शासन की मंशा के अनुसार पूर्ण मनोयोग से सेवा भाव के साथ नौकरी करनी होगी। मुख्य चिकित्साधिकारी पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा के परिसर में गए, जहां ड्यूटी पर तीन चिकित्साधिकारी मौजूद मिले। महिला चिकित्साधिकारी डॉ. जया पाठक के विषय में सहकर्मियों ने बताया कि रात में उनकी इमरजेंसी ड्यूटी थी। सुबह इमरजेंसी ड्यूटी से छूटकर वह अपने बलिया स्थित आवास पर चली गई हैं।
संयुक्त राजकिय चिकित्सालय में गंदगी देख ज़ब भड़के सीएमओ
साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बर्मन ने कुत्ता, बंदर, सांप आदि विषैले जंतुओं के काटने पर लगने वाली सुई की उपलब्धता के विषय में जानकारी प्राप्त की। लैब व एक्सरे मशीन को भी देखा। जरूरी निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी उसके बाद संयुक्त राजकिय चिकित्सालय के नए भवन में पहुंचे, जहां गंदगी देखकर भड़क गए। वहां तैनात 19 सफाई कर्मियों को बुलाकर उनका जमकर क्लास लिया। कहा कि अस्पताल में क्यों गंदगी है ? बताएं आप लोग नर्सिंग होम देखे हैं की नहीं, जहां सफाई होने के बाद भी लगातार झाड़ू पोछा होता रहता है।
इस तरह से यहां भी व्यवस्था करनी होगी। सीएमओ ने बताया कि नगरा से दो स्टाफ नर्स का ट्रांसफर सोनबरसा के लिए कर दिया गया है। जल्द ही यहां दोनों स्टाफ नर्स कार्यभार ग्रहण करेंगी। वहीं फार्मासिस्ट के रूप में मुरली मनोहर केसरी की तैनाती सोनबरसा में की गई है। वह भी जल्दी कार्यभार ग्रहण करेंगे। स्थानीय लोगों ने यहां तैनात डॉक्टर प्रियंका राय महिला चिकित्साधिकारी की लगातार अनुपस्थिति पर सीएमओ का ध्यान अपेक्षित किया तो उन्होंने बताया कि वह मातृत्व अवकाश पर चल रही हैं।
डा. श्रीमती साल्टी कसेरा भी लंबे समय से अस्पताल नहीं आ रही है। उपस्थिति पंजिका में उनके नाम के आगे सीएमओ ने अनुपस्थिति लगाकर हस्ताक्षर किया। कहा कि जल्द ही सोनबरसा अस्पताल में और चिकित्सकों की तैनाती कर दी जाएगी। उन्होंने तत्काल ऑक्सीजन प्लांट ठीक करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर चिकित्साधिकारी डॉक्टर सौरभजीत ऑर्थोपेडिक्स विशेषज्ञ, डॉक्टर कृष्ण देव डेंटल सर्जन, डॉ अभिषेक कुमार एनेस्थीसिया विशेषज्ञ, डॉक्टर अभिषेक सिंह आंख रोग विशेषज्ञ, चीफ फार्मासिस्ट निर्भय नारायण शुक्ला व सीएमओ कार्यालय के लिपिक दयाशंकर मौजूद रहे।सीएमओ ने हिदायत दिया कि हर सप्ताह मैं सोनबरसा आऊंगा। सोनबरसा की व्यवस्था सुधारनी ही होगी। नहीं तो कार्रवाई के लिए सबको तैयार रहना होगा। मैं किसी को बक्शने वाला नहीं हूं।
सीएमओ के बुलाने पर पहुंची भाजपा नेत्री
मुख्य चिकित्साधिकारी के बुलावे पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोनबरसा पहुंची भाजपा के पूर्व सांसद भरत सिंह की पुत्री भाजपा नेत्री विजयालक्ष्मी सिंह से सीएमओ ने अलग से सोनबरसा क्षेत्र के अस्पतालों की समस्याओं की जानकारी प्राप्त की और सुधार के लिए उनसे सुझाव मांगा। विजयालक्ष्मी ने कहा कि सुधार आपको करना है, मेरी मंशा सिर्फ इतनी है कि यहां के लोगों विशेष कर महिलाओं को चिकित्सा संबंधी उचित सुविधा मुहैया हो जाए। विजयालक्ष्मी के साथ भाजपा के दर्जनों कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। लगभग दो घंटे तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा व राजकीय चिकित्सालय सोनबरसा में रुकने के बाद सीएमओ वापस जिला मुख्यालय लौट गए.
Comments
No comments yet.
Comments are closed for this post.